
राष्ट्रपति कोविंद ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में लगाई हाजिरी, किया दर्शन पूजन
वाराणसी- 05 जून। देश के प्रथम नागरिक राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रविवार शाम को काशीपुराधिपति बाबा विश्वनाथ के स्वर्णिम दरबार में हाजिरी लगाई। बाबा दरबार में सपरिवार राष्ट्रपति ने स्वर्ण शिखर को नमन कर गर्भ गृह में प्रवेश किया। मन्दिर के पुजारियों की देखरेख में सस्वर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच देश के प्रथम नागरिक और उनकी धर्मपत्नी सविता कोविंद ने पावन ज्योर्तिलिंग का षोडशोपचार विधि से दुग्धाभिषेक कर विधिवत पूजन अर्चन किया। दरबार में राष्ट्रपति ने पूरे श्रद्धाभाव से बाबा के प्रति अपनी गहरी आस्था दिखाते हुए देश में खुशहाली की कामना की। दर्शन पूजन के बाद राष्ट्रपति ने काशी विश्वनाथ धाम के नव्य और भव्य विस्तारित स्वरूप का अवलोकन भी किया। इस दौरान उन्होंने कॉरिडोर परिसर में बेल का पौधारोपण भी किया तथा एग्जीबिशन का अवलोकन किया। धाम में राष्ट्रपति के आगमन को देख रेड कारपेट बिछाई गई थी। मंदिर में राष्ट्रपति का डमरुओं की निनाद के बीच स्वागत किया गया। इस दौरान प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल भी उनके साथ रही। राज्यपाल आनंदी बेन ने राष्ट्रपति को अंग वस्त्र ओढ़ाकर शंख को स्मृति चिह्न स्वरूप भेंट किया।
राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द अपने एक दिवसीय दौरे पर अपरान्ह में वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंचे। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, मंत्री रविंद्र जायसवाल, सांसद बीपी सरोज, जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने एयरपोर्ट के एप्रन पर राष्ट्रपति की अगवानी की और पुष्प गुच्छ और अंगवस्त्र प्रदान कर स्वागत किया। बाबतपुर एयरपोर्ट से राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द बरेका के हेलीपैड पर वायुसेना के विशेष हेलीकॉप्टर से आये। यहां राष्ट्रपति का स्वागत पहले से मौजूद महाप्रबंधक अंजली गोयल ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर किया। गेस्ट हाउस में भी महाप्रबंधक ने राष्ट्रपति की अगवानी की। बरेका गेस्ट हाउस में विश्राम के बाद राष्ट्रपति ने पत्नी के साथ बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई। दर्शन पूजन के बाद राष्ट्रपति बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गये।



