
राशन डीलर के खिलाफ ग्रामीणों की पंचायत,कारवाई की मांग
बागपत- 07 जनवरी। बागपत जिले के मांगरौली गांव के लोगाें ने राशन डीलर के खिलाफ पंचायत करके कारवाई की मांग की। ग्रामीणाें ने आरोप लगाया कि राशन डीलर प्रति यूनिट 2 किलोग्राम राशन कम देता है। विरोध करने पर अभद्रता करता है।
मांगरौली गांव के पंचायत घर में शुक्रवार को राशन डीलर के खिलाफ ग्रामीणों की पंचायत हुई। पंचायत में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में करीब 300 लोगों के राशन कार्ड बने हुए है। राशन डीलर रवि कई माह से राशन वितरण करने में लापरवाही बरत रहा है। वह ग्रामीणों को प्रति यूनिट 2 किलोग्राम राशन कम देता है। यदि उससे राशन पूरा मांगते है तो उनके साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया जाता है। इसकी कई बार शिकायत भी की जा चुकी है। लेकिन अभी तक इसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी से करने का निर्णय लिया। राशन डीलर रवि ने आरोपों को नकारते हुए कहा कि किसी के साथ अभद्रता नहीं की जाती और ना ही राशन कम दिया जा रहा है। आपूर्ति निरीक्षक बड़ौत राहुल पटेल का कहना है कि इस मामले की शिकायत उनके पास नहीं आई है यदि शिकायत मिलती है तो जांच करके कार्रवाई होगी। पंचायत की अध्यक्षता जगदीश सिंह ने तथा संचालन महेश त्यागी ने किया। इस मौके पर कृष्णपाल, हनीफ, महेश, जगदीश, सतेंद्र, शाहबूद्दीन, डॉ. साजिद, प्रेम सिंह, रेखा, रसीदन, नीलम, उषा, अनिता, कृष्णा, राकेश आदि मौजूद रहे।



