
रामलीला मैदान में किसान 19 दिसंबर को करेंगे ”गर्जना रैली”
नई दिल्ली- 15 दिसंबर। भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में 19 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में ”किसान गर्जना रैली” का आयोजन किया जाएगा। इसकी सूचना गुरुवार को संगठन के पदाधिकारियों ने यहां एक प्रेसवार्ता के दौरान दी।
भारतीय किसान संघ ने अपने बयान में कहा कि किसानों को लागत के आधार पर लाभकारी मूल्य मिलना चाहिए, किसान सम्मान निधि में आदानों की दर वृद्धि के अनुपात में वृद्धि होनी चाहिए, कृषि आदानों को जी.एस.टी. मुक्त किया जाना चाहिए और जी.एम. फसलों की अनुमति को तुरंत वापस लिया जाना चाहिए। इन्हीं मुद्दों की मांग को लेकर 19 दिसंबर को किसान दिल्ली में एकत्र होने जा रहे हैं।
भारतीय किसान संघ ने कहा कि देश के सभी प्रांतों से करीब 560 जिलों से प्रतिनिधि इस रैली में शामिल होंगे। कई प्रतिनिधि अपने-अपने स्थानों से साईकिल रैली,मोटरसाईकिल रैली,जन सभाएं,नुक्कड़ सभाएं, पत्रकार वार्ताएं करते हुए निकल पड़े है।



