
राज्यसभा के लिए JDU प्रत्याशी अनिल हेगड़े ने किया नामांकन, सीएम नीतीश सहित कई नेता रहे मौजूद
पटना- 19 मई। राज्य सभा उप चुनाव के लिए जदयू के अनिल हेगड़े ने गुरुवार को बिहार विधानसभा में नामांकन दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए के कई नेता मौजूद रहे।
इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि अनिल हेगड़े पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं। यही कारण है कि इनको पार्टी ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। अनिल हेगड़े शरद यादव के साथ भी काम कर चुके हैं। राज्यसभा जाने के लिए इनकी कोई व्यक्तिगत इच्छा नहीं थी। पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजने का फैसला लिया है।
नीतीश ने कहा कि अनिल हेगड़े शुरू से ही पार्टी के लिए काम करते रहे हैं। कभी किसी चीज के लिए इन्होंने इच्छा प्रकट नहीं की। जॉर्ज साहब के समय से पार्टी के लिए ये काम कर रहे हैं। बहुत ही अच्छे व्यक्ति हैं। ये बहुत खुशी की बात है कि आज इन्होंने राज्यसभा के लिए नामांकन किया है। सभी चाहते थे कि अनिल हेगड़े को मौका मिले।
अनिल हेगड़े कर्नाटक के निवासी है। वर्तमान में वे जदयू के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी हैं। लंबी अवधि से वे जदयू के संगठन का काम देख रहे हैं। इसके अतिरिक्त किसी भी तरह के विवाद या गुट से कभी उनका नाता नहीं रहा है। अनिल हेगड़े का राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद दो वर्ष का कार्यकाल होगा। अनिल हेगड़े का कार्यकाल अप्रैल 2024 तक होगा। अब आगे देखना होगा कि हेगड़े निर्विरोध चुने जाते है तो अपने दो वर्ष के कार्यकाल में बिहारवासियों के लिए क्या-क्या करते है।

उल्लेखनीय है कि किंग महेंद्र के निधन से खाली पड़े राज्यसभा सीट पर होने वाले उप चुनाव के लिए जेडीयू के अनिल हेगड़े का निर्विरोध चुना जाना तय है। क्योंकि, विपक्षी दलों की ओर से अब तक किसी को उम्मीदवार नहीं बनाया गया है। नामांकन उपरांत नामांकन वापसी की तिथि 23 मई तक है। उपचुनाव के लिए 30 मई को मतदान होना है लेकिन यह उस स्थिति में होगा जब एक से ज्यादा उम्मीदवार होंगे। गुरुवार को नामांकन की आखिरी तारीख है।



