
राज्यसभा की अध्यक्षता करने वाली नागालैंड की पहली महिला सदस्य बनीं फांगनोन कोन्याक
नई दिल्ली- 25 जुलाई। नागालैंड की पहली महिला राज्य सभा सदस्य एस. फांगनोन कोन्याक ने मंगलवार को सदन की अध्यक्षता की। इससे पहले उन्होंने 17 जुलाई को उप सभापति पैनल में नागालैंड से नियुक्त होने वाली पहली महिला सदस्य बनकर इतिहास रचा था।
फांगनोन कोन्याक ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राज्य सभा के सभापति जगदीप धनखड़ के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट संदेश में कहा कि आज राज्यसभा की अध्यक्षता करते हुए मैं बेहद गौरवान्वित, विनम्र और अभिभूत महसूस कर रही हूं। खुशी है कि संविधान (अनुसूचित जनजाति) आदेश (पांचवां संशोधन) विधेयक, 2022 सदन द्वारा पारित होने के साथ यह सार्थक रहा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में आज महिलाओं को राजनीति और नेतृत्व में उचित सम्मान और स्थान दिया जा रहा है। इस अवसर के लिए राज्यसभा सभापति जगदीप धनखड़ को मेरा हृदय से आभार।
उल्लेखनीय है कि लैंगिक समानता लाते हुए राज्य सभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने पिछले सप्ताह 20 जुलाई को उप सभापति पैनल में चार महिला सदस्यों (कुल संख्या का 50 प्रतिशत) को नामित किया था। यह भी उल्लेखनीय है कि पैनल में नामित सभी महिला सदस्य पहली बार सांसद बनी हैं। मानसून सत्र से पहले पुनर्गठित पैनल में कुल आठ नाम हैं, जिनमें से आधी महिलाएं हैं। उच्च सदन के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि उप सभापति पैनल में महिला सदस्यों को समान प्रतिनिधित्व दिया गया है।
आठ सदस्यीय पैनल में अब चार महिला सदस्य हैं, जिनमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद पीटी उषा और एस. फांगनोन कोन्याक, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी सांसद फौजिया खान और बीजू जनता दल सांसद सुलता देव शामिल हैं।
एस. फांगनोन कोन्याक भारतीय जनता पार्टी की सदस्य हैं और राज्य सभा सदस्य के रूप में अप्रैल, 2022 में निर्वाचित होने वाली नागालैंड की पहली महिला हैं। वह संसद या राज्य विधान सभा के किसी सदन के लिए चुनी जाने वाली राज्य की दूसरी महिला हैं।
वहीं पीटी उषा पद्मश्री पुरस्कार विजेता और एक प्रसिद्ध एथलीट हैं। उन्हें जुलाई, 2022 में राज्य सभा के लिए नामनिर्देशित किया गया था। वह रक्षा समिति, युवा मामले और खेल मंत्रालय की सलाहकार समिति और नैतिकता समिति की सदस्य हैं। वह परिवहन, पर्यटन और संस्कृति समिति, उत्तर पूर्वी क्षेत्र के विकास मंत्रालय की सलाहकार समिति, महिला सशक्तिकरण समिति, सदन समिति की सदस्य और उत्तर-पूर्वी इंदिरा गांधी क्षेत्रीय स्वास्थ्य और चिकित्सा विज्ञान संस्थान, शिलांग की गवर्निंग काउंसिल की सदस्य हैं।
डॉ. फौजिया खान राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से हैं और अप्रैल, 2020 में राज्य सभा के लिए चुनी गईं। वह महिला सशक्तिकरण समिति, उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण समिति, कानून और न्याय मंत्रालय की सलाहकार समिति की सदस्य हैं।
सुलता देव बीजू जनता दल से हैं और जुलाई, 2022 में राज्य सभा के लिए चुनी गईं। वह उद्योग समिति, महिला सशक्तिकरण समिति, लाभ के पद पर संयुक्त समिति, संसद सदस्य स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीएलएडीएस) समिति और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की सलाहकार समिति की सदस्य हैं।