
राजस्थान में कोरोना के 63 मामले, 1 मरीज की मौत
जयपुर- 4 मई। राजस्थान में कोरोना महामारी का संक्रमण बढ़ने के बाद विशेषज्ञ जिस आशंका से डर रहे थे, वह बुधवार को राजधानी जयपुर में एक मरीज की मौत के साथ साबित हो गई। लम्बे समय तक कोरोना से होने वाली मौतों में राहत महसूस कर रहे प्रदेश में बुधवार को संक्रमण से एक मरीज की मौत हो गई। प्रदेश में बुधवार को कोरोना के 63 नए मामले सामने आए, जिनमें से 48 अकेले जयपुर जिले में मिले। इसके उलट महज 468 मरीज रिकवर हुए। इसके बाद सक्रिय मामले बढ़कर 468 हो गए।
चिकित्सा विभाग की रिपोर्ट के अनुसार बुधवार को जयपुर के अलावा कोरोना का धौलपुर में सात, अलवर व उदयपुर में दो-दो तथा अजमेर, भीलवाड़ा, जोधपुर एवं सीकर में एक-एक नया मामला सामने आया। राजस्थान में जयपुर कोरोना का नया एपिसेंटर बनता जा रहा है। यहां हर रोज औसतन 30 से ज्यादा नए मामले मिल रहे है। पिछले 24 घंटे में जयपुर में 48 नए मरीज मिले हैं। जो मध्य प्रदेश, तमिलानाडु, पंजाब, पश्चिमी बंगाल समेत दूसरे 7 बड़े राज्यों में कल मिले केसों से भी ज्यादा है। जयपुर में लगातार कोरोना के केस बढ़ने के कारण यहां सक्रिय मरीजों की संख्या 347 हो गई है। जो राज्य के कुल सक्रिय केस का 73 फीसदी है।
जयपुर सीएमएचओ कार्यालय की रिपोर्ट के मुताबिक सबसे ज्यादा सात मरीज बुधवार को सोडाला में मिले है। इसके बाद वैशाली नगर में 5, मालवीय नगर में 4, जगतपुरा, अजमेर रोड पर 3-3, आमेर, दुर्गापुरा, गोपालपुरा, सांगानेर, मानसरोवर और जवाहर नगर में 2-2, जबकि ब्रह्मपुरी, बापू नगर, बड़ी चौपड़, गुर्जर की थड़ी, तिलक नगर, झोटवाड़ा, लालकोठी, सिरसी रोड, सीतापुरा समेत अन्य जगहों पर 1-1 मरीज मिला है। जयपुर में इससे पहले तीन मई को 34 मरीज मिले थे, लेकिन बुधवार को ये संख्या बढ़कर 48 पर पहुंच गई।
दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश में तो कोरोना के केस बढ़ ही रहे है, राजस्थान में भी इसमें धीरे-धीरे इजाफा हो रहा है। जयपुर में आज जितने केस मिले है वह पूरे देश के 7 बड़े राज्यों में कल मिले केसों से ज्यादा है। तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, पंजाब, गुजरात, बिहार, उड़ीसा जैसे बड़े राज्यों में कल 44 से भी कम केस मिले थे।राजस्थान के जयपुर में सबसे ज्यादा केस मिले रहे है। राज्य में मौजूद सक्रिय मरीजों की संख्या में 73 फीसदी जयपुर में है। तीन मई तक प्रदेश में कुल 444 सक्रिय केस थे, जिनमें से 324 मरीज अकेले जयपुर में रहे। शेष 120 मरीज दूसरे 16 जिलों में मौजूद है।



