भारत

राजस्थान पहुंचते ही गहलोत-पायलट ने हाथ पकड़कर राहुल के साथ किया डांस, कमल नाथ ने डोटासरा को सौंपा झंडा

झालावाड़- 04 दिसंबर। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा रविवार शाम झालावाड़ जिले से राजस्थान में प्रवेश कर चुकी है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित सरकार के कई मंत्री और बड़े नेताओं ने मध्यप्रदेश बॉर्डर पर स्थित चंवली चौराहा पर राहुल गांधी की अगवानी की। यहां हुई वेलकम सभा में राहुल गांधी का सहरिया नृत्य के साथ स्वागत किया गया। मंच पर हो रहे इस नृत्य को देखकर राहुल गांधी भी अशोक गहलोत, कमल नाथ और सचिन पायलट के साथ डांस करने लगे। इस दौरान सचिन पायलट और अशोक गहलोत ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर साथ में डांस किया। राजस्थान में यात्रा चंवली चौराहे पर ही रुक जाएगी। यात्रा का रात्रि विश्राम यहीं होगा।

वेलकम सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि हमने यह यात्रा कन्याकुमारी से शुरू की, 2300 किमी से ज्यादा हम और हमारे यात्री चल चुके हैं। लोग हमें कहते थे कि हिंदी बेल्ट में यात्रा फेल हाेगी। मप्र में अब तक की सबसे भव्य यात्रा निकली है। मैंने कमलनाथजी को चैलेंज दिया था कि आप महाराष्ट्र को नहीं हरा सकते। कमलनाथ जी ने कहा कि मेरे पास स्पेशल टेक्नोलॉजी है, उन्हाेंने महाराष्ट्र को हरा दिया। गांधी ने कहा कि अब उन्होंने राजस्थान को चैलेंज दिया है। राहुल गांधी ने कहा कि हर राज्य, हर शहर, हर गांव ने यात्रा को खूब मदद की। लोगों को एक पैसा नहीं देना पड़ा, लोगों ने लेने से मना कर दिया। हिंदुस्तान की जनता ने यात्रा को खूब प्यार दिया।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यात्रा मप्र से भी भव्य निकलेगी। देश में पनप रहे डर को खत्म करने के लिए यह यात्रा निकाली जा रही है। सोमवार सुबह छह बजे से यात्रा की शुरुआत राजस्थान में झालावाड़ के काली तलाई से होगी। यात्रा 10 बजे बालीबोरड़ा चौराहा पहुंचेगी। इसके बाद 3:30 बजे नाहरड़ील और शाम 6:30 बजे झालरापाटन के चंद्रभागा चौराहा पहुंचेगी। यहां पर राहुल गांधी नुक्कड़ सभा को संबोधित करेंगे। अगले करीब 17 से 20 दिन तक भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान में रहेगी। राहुल गांधी राजस्थान में करीब 521 किलोमीटर का सफर तय करेंगे। आज यात्रा का 88वां दिन है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि अब तक 2500 किलोमीटर की यात्रा पूरी हो चुकी है। 1100 किलोमीटर की यात्रा बची है। इनमें से आधा हिस्सा राजस्थान का है। रमेश ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली में प्रवेश करेगी। दिल्ली में एंट्री के बाद यात्रा चार से पांच दिन रुकी रहेगी। 24 से लेकर 28 दिसंबर तक यात्रा का विश्राम रहेगा। चार दिन तक यात्रा में चल रहे कंटेनर्स की मरम्मत करवाई जाएगी। कंटेनर्स में कई तरह के मेंटीनेंस की जरूरत है।

जयराम ने कहा कि आगे सर्दी ज्यादा होगी, इसलिए हर कंटेनर में हीटर भी लगवाए जाएंगे। 28 के बाद यात्रा फिर से दिल्ली से शुरू होकर यूपी, हरियाणा, पंजाब और जम्मू होते हुए 26 जनवरी तक श्रीनगर पहुंचेगी। 26 जनवरी तक यात्रा को पूरा करने का टारगेट है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि 26 जनवरी से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चलाया जाएगा। यह दो महीने का होगा। इस अभियान के तहत हर ब्लॉक से लेकर बूथ लेवल तक यात्राएं निकाली जाएंगी। जिला स्तर पर अधिवेशन किए जाएंगे और राज्य स्तर पर दो या तीन रैलियां की जाएंगी। इस अभियान में कांग्रेस अध्यक्ष से लेकर वरिष्ठ नेता कार्यक्रमों में जाएंगे।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button