
रांची हिंसा के आरोपितों का पोस्टर लगाने के बाद पुलिस ने हटाया
रांची- 14 जून। राजधानी रांची के मेन रोड में दस जून को हुई हिंसा में शामिल आरोपितों का पोस्टर शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर मंगलवार को लगाने के कुछ ही समय बाद रांची पुलिस ने उसे हटा लिया। राज्यपाल रमेश बैस के निर्देश के 24 घंटे के अंदर पुलिस ने दो अलग अलग पोस्टर में उपद्रवियों की फोटो वाले पोस्टर मंगलवार की शाम जाकिर हुसैन पार्क के पास लगाये थे। लगाने के कुछ ही मिनटों में ही उन्हें उतार भी लिया गया।
इस बाबत पूछने पर रांची के सिटी एसपी अंशुमन कुमार ने बताया की उन पोस्टर में कुछ करेक्शन किया जाना है। उसके बाद उन्हें दुबारा लगाया जाएगा। दरअसल, पोस्टर में जो फोटो लगाये गए थे उनमें से कुछ नाबालिग लग रहे थे। इस बात की सूचना जैसे ही पुलिस अधिकारियों को मिली उन्होंने पोस्टर हटाने का निर्देश दिया। बताया जाता है कि 10 जून को हुई हिंसा में एक 14 साल के किशोर की फायरिंग में मौत हो गयी गयी थी।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को राज्यपाल रमेश बैस ने राज्य के डीजीपी, एडीजी (अभियान), रांची डीसी तथा एसएसपी को राज भवन में तलब किया था। राज्यपाल ने साफ़ कहा था कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके पोस्टर बनावायें। साथ ही शहर के अलग अलग कोनों पर उन्हें लगायें ताकि उन्हें पकड़ने में आम लोगों की मदद ली जा सके।



