
रांची पहुंचने पर महिला हॉकी खिलाड़ियों का स्वागत
रांची- 28 जून। यूनिफर अंडर- 23,पांच नेशन हॉकी टूर्नामेंट में रजत पदक विजेता जूनियर भारतीय महिला हॉकी टीम की उपकप्तान सह प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट ब्यूटी डुंगडुंग का रांची पहुंचने पर स्वागत किया गया। साथ ही टीम की प्रमुख सदस्य महिमा टेटे और दीपिका सोरेन का भी स्वागत किया गया। तीनों खिलाड़ी मंगलवार को आयरलैंड से रांची पहुंची।
हॉकी झारखंड के महासचिव रजनीश कुमार ने बताया कि आयरलैंड में आयोजित यूनिफर अंडर 23, पांच नेशनल हॉकी प्रतियोगिता में जूनियर भारतीय महिला हॉकी टीम ने सिल्वर पदक जीता। जूनियर भारतीय हॉकी टीम में हमारे झारखंड की तीन खिलाड़ी ब्यूटी डुंगडुंग,दीपिका सोरेन और महिमा टेटे थी। इस प्रतियोगिता में टीम की उप कप्तान रही झारखंड की ब्यूटी डुंगडुंग को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार दिया गया। आज आयरलैंड से सिल्वर पदक जीतने के बाद रांची पहुंचने पर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट में हॉकी झारखंड के द्वारा स्वागत किया गया।
उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों के एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों ने तीनों खिलाड़ियों को बुके और फूल माला पहनाकर उनका स्वागत किया। हॉकी झारखंड के द्वारा स्वागत कार्यक्रम में महासचिव विजय शंकर सिंह, सीईओ रजनीश कुमार कोषाध्यक्ष आश्रिता लाकड़ा,संयुक्त सचिव माइकल लाल सहित हॉकी झारखंड के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। एयरपोर्ट में स्वागत करने के बाद तीनों खिलाड़ियों को हॉकी झारखंड के कार्यालय रांची लाया गया जहां हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने तीनों खिलाड़ियों का स्वागत किया।



