भारत

रक्षा मंत्री ने 22 भाषाओं में एनसीसी कैडेट्स का ”राष्ट्रीय एकता गीत” लॉन्च किया

नई दिल्ली-17 दिसम्बर। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को नई दिल्ली में ”विजय श्रृंखला और संस्कृतियों का महासंगम” अभियान के भव्य समापन के दौरान राष्ट्रीय एकता के विषय पर 22 भाषाओं में ”राष्ट्रीय एकता गीत” लॉन्च किया। इस गीत को राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेट्स ने लिखा है।

एनसीसी भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में ”आजादी का अमृत महोत्सव” मना रहा है। इसमें वीरता पुरस्कार पोर्टल पर लाइव स्ट्रीमिंग सहित देशभर में 75 स्थानों पर 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के बहादुरों का सम्मान किया जाना भी शामिल है। अभियान का समापन आज ”संस्कृतियों का महासंगम” के साथ हुआ, जिसमें देशभर से चयनित एनसीसी कैडेट्स दिल्ली में एकत्र हुए और अपनी साझा सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया।

एनसीसी के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि एनसीसी ने कई दिग्गजों को जन्म दिया है जिन्होंने राष्ट्र को गौरव प्रदान किया है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी,पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज,पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर,हिमा दास,अंजलि भागवत,विश्व प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. नरेश त्रेहन जैसी हस्तियां एनसीसी के छात्र रहे हैं जिन्होंने राष्ट्र निर्माण में योगदान दिया है।

रक्षा मंत्री ने एनसीसी में प्रधानमंत्री मोदी की गहरी रुचि के बारे में बात करते हुए कहा कि उन्होंने हाल ही में एनसीसी पूर्व छात्र संघ का शुभारंभ किया। मेरा मानना है कि इस तरह के कदम एनसीसी की प्रशिक्षण क्षमता को कई गुना बढ़ाएंगे और इस प्रतिष्ठित संगठन के सभी पूर्व छात्रों को एकजुट करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री एनसीसी पूर्व छात्र संघ के पहले सदस्य हैं और मैं दूसरा हूं। राजनाथ सिंह ने कहा कि एनसीसी अपने कैडेट्स में एकता, अनुशासन, धैर्य और भाईचारे के गुणों को विकसित करता है और ये गुण हमेशा उनके साथ रहते हैं।

एनसीसी के लिए सरकार के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि आपकी क्षमता को देखते हुए सरकार ने एनसीसी में एक लाख नई रिक्तियों की घोषणा की है। ”डिजिटल इंडिया”, ”स्किल इंडिया”, ”स्टार्ट-अप इंडिया”, ”फिट इंडिया” आदि जैसी पहलें आपके विशिष्ट क्षेत्रों में प्रगति करने में आपकी मदद कर सकती हैं। सरकार इस तरह की और भी पहल कर सकती है। मैं चाहता हूं कि आप इस तरह की पहलों के बारे में अपडेट रहें और उनका उपयोग अपने जीवन को बेहतर और सफल बनाने के लिए करें। साथ ही इनके बारे में अपने आस-पास लोगों को भी जागरूक करें।

कार्यक्रम के समापन की शुरुआत एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल गुरबीरपाल सिंह ने स्वागत भाषण के साथ की। इसके बाद विजय दिवस के आयोजन और महत्व के दौरान 1971 के शहीद नायकों को श्रद्धांजलि देते हुए वीडियो क्लिप की प्रस्तुति दी गई। रक्षा मंत्री ने डीजी एनसीसी, उनकी टीम और देश के विभिन्न हिस्सों से आये सभी कैडेट्स को भी बधाई दी जिन्होंने इस प्रतिष्ठित आयोजन को भव्य सफलता दिलाने के लिए कड़ी मेहनत की। समापन समारोह में रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट, रक्षा सचिव डॉ. अजय कुमार, थल सेनाध्यक्ष एमएम नरवणे, एनसीसी पूर्व छात्र संघ के प्रमुख सदस्य, अन्य वरिष्ठ नागरिक और सैन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button