
योगी सरकार में दंगा मुक्त रहा उत्तर प्रदेश: अमित शाह
सहारनपुर- 02 दिसम्बर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा सरकार में उप्र में एक भी दंगा नहीं हुआ है। देश में तेजी से विकास हो रहा है। देश की सीमाएं सुरक्षित हैं और दुश्मन देश की सीमाओं में घुसकर भारत ने बदला लिया है।
सहारनपुर में मां शाकंभरी विवि का शिलान्यास करने के बाद आयोजित जनसभा में अमित शाह ने सपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का विकास हो रहा है। इससे पहले अमित शाह और योगी आदित्यनाथ के मंच पर आते ही चारों ओर से जय श्रीराम के नारे लगने लगे। उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत किया।
उन्होंने लोगों से कहा कि इतना तेज बोलिए जो लोग यूपी में सरकार बनाने का सपना देखते हैं, यह आवाज सुनकर उनका दिल दहल जाए। मेरे लिए यह गर्व की बात है कि मुझे शिलान्यास के लिए बुलाया गया। असत्य पर सत्य की जीत कराने वाली मां के स्वरूप को शाकंभरी देवी के नाम से पूजा जाता है। इसके साथ ही आस-पास के तीन जिलों के सभी युवाओं के लिए ना केवल पढ़ाई-लिखाई की सेवा मिलेगी बल्कि अपने घर के पास ही उन्हें उच्च शिक्षा मिल जाएगी। मैं पहले भी सहारनपुर आया था। तब लोग कहते थे कि यूपी में हम तो परिवर्तन कर देंगे, लेकिन क्या हमारा पलायन कम होगा।
मैंने उनसे कहा था कि आप एक बार भाजपा की सरकार बनाओ, हम पलायन कराने वालो को ही यूपी से बाहर का रास्ता दिखा देंगे। हमारी बहन-बेटियों को पढ़ाने के लिए गैर राज्यों में भेजना पड़ता था, क्योंकि यहां उनका सम्मान सुरक्षित नहीं था। आज किसी को बाहर जाने की जरूरत नहीं। किसी की हिम्मत नहीं कि बोटियों के साथ बुरी नजर भी उठाकर देख सके।
मोदीजी के प्रधानमंत्री बनने के बाद हर तबके के गरीब का कल्याण हुआ है। हर घर में बिजली और गैस और शौचालय पहुंचा है। हर परिवार को पांच लाख रुपए कीमत तक स्वास्थ्य कार्ड मिला है। उत्तर प्रदेश में जो विकास हुआ है उसमें विशेषकर पश्चिम उप्र में पूर्व सरकारों ने चीनी मिले बंद कर अपने चक्कों-बक्कों को दे दी। भाजपा सरकार बनने के बाद एक भी चीनी मिल नहीं बेची गई, न ही बंद की गई। अब तक 90 प्रतिशत गन्ना किसानों का भुगतान हो चुका है। बाकी दस प्रतिशत भी इसी माह हो जाएगा।
सहारनपुर से ही शुरू किया था विजय संकल्प अभियान—
भाजपा ने 2017 के चुनाव में भी अपनी विजय संकल्प यात्रा की शुरुआत सहारनपुर से ही की थी। बता दें कि वर्ष 2017 में भाजपा ने सहारनपुर से अपनी विजय संकल्प यात्रा शुरू करते हुए यूपी की 403 सीटों में से 312 सीट जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया था। इस बार भी भाजपा यूपी में सर्वाधिक सीटें जीतना चाहती है। यही कारण है कि इस बार भी भाजपा ने सहारनपुर से ही चुनावी तैयारियों का शंखनाद किया है।



