
योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को दंगा मुक्त प्रदेश बनाया है : नड्डा
संतकबीरनगर- 26 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को कहा कि भाजपा सरकार ने सभी वर्गों के लिए कार्य किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को दंगा मुक्त प्रदेश बनाया है, हम जो वादा करते हैं, उसे पूरा करते हैं। विकास का रिपोर्ट कार्ड केवल भाजपा ही दे सकती है, विपक्ष में ताकत नहीं है। अनुच्छेद-370, राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक, शून्य बैलेंस पर बैंक में खाता, शौचालय निर्माण, आवास निर्माण, सौभाग्य योजना, जापानी बुखार से निजात, बीआरडी मेडिकल कॉलेज, एम्स, कुशीनगर में मेडिकल कॉलेज, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, सड़क निर्माण, किसान सम्मान निधि भाजपा की देन है।
आज संतकबीरनगर जिले में घनघटना विधानसभा से भाजपा के प्रत्याशी गनेश चन्द्र चौहान के पक्ष में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) आंतकवादियों का समर्थक करती है। अब जो पैसा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भेजते हैं, वह बिना बिचौलिए के सीधे आपके खाते में पहुंचता है। 11 करोड़ इज्जत घर मोदी सरकार ने बनाया। इसमें ढाई करोड़ यूपी में बना, अब महिलाओं को खेत व सड़क पर नित्य क्रिया के लिए नहीं जाना पड़ता, सौ वर्ष पहले आयी महामारी की चर्चा करते हुए कहा कि बीमारी से कम भूख से ज्यादा लोग मरे थे, लेकिन कोरोना महामारी में मोदी जी व योगी जी की सरकार ने लोगों की थाली भोजन से भर दिया।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सपा सरकार में अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी, आजम खां जैसे लोग दनदनाते थे, अब जेल में गिल्ली-डंडा खेल रहे हैं, कोरोना महामारी के समय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत गरीबों के घर में अनाज पहुंचाने का काम किया। उत्तर प्रदेश में योगी जी ने अलग से गरीबों को अनाज पहुंचाया। इस मौके पर घनघटना विधानसभा से भाजपा के प्रत्याशी गनेश चन्द्र चौहान, डुमरियागंज के सांसद जगदम्बिका पाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



