
यूपी बोर्ड परीक्षा में लगी सेवानिवृत्त और मृतक शिक्षकों की ड्यूटी
मुरादाबाद- 23 मार्च। यूपी बोर्ड परीक्षा में सेवानिवृत्त और मृतक शिक्षकों की भी कक्ष निरीक्षक के रूप में ड्यूटी लगा दी गई है। यूपी बोर्ड परीक्षा 2022 में कई ऐसे शिक्षकों की भी ड्यूटी लगा दी गई हैं जिनकी या तो मृत्यु हो गई या फिर वह सेवानिवृत्त हो गए हैं। ड्यूटी लिस्ट जारी हुई तो शिक्षक चौंक गए। इस बार नई व्यवस्था के तहत यूपी बोर्ड परीक्षा में शिक्षकों की ऑनलाइन ड्यूटी लगाई गई थी।
मुरादाबाद में बेसिक शिक्षा विभाग के नगर क्षेत्र की पूनम देवी वर्मा जूनियर हाईस्कूल फैजगंज की ड्यूटी लगाई है, जबकि इनकी पिछले वर्ष मृत्यु हो चुकी है। इसी तरह से इरफान हबीब प्राथमिक विद्यालय कटघर की ड्यूटी लगाई गई है, जबकि इनकी भी मृत्यु पिछले वर्ष हो चुकी है। सय्यद अली इमाम प्रधानाध्यापक की ड्यूटी लगाई गई है, ये पिछले वर्ष सेवानिवृत्त हो चुके हैं। मोज्जम कौसर प्रधानाध्यापक दो साल पहले रिटायर हो चुकी हैं उनकी भी ड्यूटी लगा दी गई है।
बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस बार ऑनलाइन माध्यम से ड्यूटी लगाई गई है। सीधे प्रेरणा पोर्टल के माध्यम से ड्यूटी लगाने को शिक्षकों के नाम लिए गए थे। जिले में जैसे ही इन शिक्षकों की सूची प्राप्त हुई है। इसे ठीक करा लिया गया है।



