
यूपी चुनाव में जदयू के स्टार प्रचारकों में नीतीश और आरसीपी का नाम गायब
दिल्ली- 28 जनवरी। यूपी विधानसभा चुनाव के लिए जदयू के स्टार प्रचारकों की सूची में न तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नाम शामिल है और ना ही केन्द्रीय मंत्री आरसीपी सिंह को जगह दी गई है। जदयू के राष्ट्रीय महासचिव आफाक अहमद ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को देश के मुख्य चुनाव आयुक्त को स्टार प्रचारकों की सूची भेज दी है। इस सूची में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, प्रधान महासचिव केसी त्यागी,पार्लियामेंट्री बोर्ड के चेयरमैन उपेंद्र कुशवाहा, राज्यसभा सांसद रामनाथ ठाकुर, राष्ट्रीय महासचिव सह बिहार प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, राष्ट्रीय महासचिव मौलाना गुलाम रसूल बलियावी, एमएलसी हर्षवर्धन सिंह, राष्ट्रीय महासचिव रविन्द्र प्रताप सिंह, यूपी प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल, आरपी चौधरी,सुरेंद्र त्यागी,संजय कुमार,यूथ जदयू के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. भरत पटेल,संजय धनगर और डॉ. केके त्रिपाठी के नाम शामिल हैं।



