
मोरबी हादसे की जांच पर राहुल ने उठाए सवाल, बोले- जवाबदारों का कुछ नहीं होगा
अहमदाबाद- 21 नवंबर। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने मोरबी हादसे मामले की जांच पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हादसे के जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। भाजपा के साथ उनके अच्छे रिश्ते होने से क्या उनका कुछ नहीं होगा। मामले में चौकीदारों को पकड़ा लिया गया, उन्हें अंदर कर दिया गया लेकिन असली जवाबदारों के खिलाफ कुछ नहीं किया गया।
राहुल सोमवार को राजकोट के शास्त्रीनगर में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर देश की बेरोजगारी, महंगाई, जीएसटी, नोटबंदी आदि मामलों पर भाजपा को घेरने की कोशिश की। राहुल ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार अरबपतियों के लिए काम कर रही है। इसके कारण सूक्ष्म और लघु उद्योगों की अनदेखी की जा रही है। देश में रोजगार यही सूक्ष्म और लघु उद्योगों के जरिए मिलते हैं। कोरोना काल में बड़े उद्योगों के कर्ज माफ कर दिए गए, लेकिन सूक्ष्म और लघु उद्योगों के कराहने की आवाज सरकार ने नहीं सुनी। सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए राहुल ने कहा कि देश में दो हिन्दुस्तान बन रहे हैं, एक अरबपतियों का दूसरा गरीब जनता का। लेकिन, हमें दो हिन्दुस्तान नहीं चाहिए, एक हिन्दुस्तान चाहिए, न्याय का हिन्दुस्तान चाहिए।
राहुल गांधी ने कहा कि सरकार ने नोटबंदी के जरिए कालाधन मिटाने की बात कही लेकिन काला धन नहीं मिटा। छोटे और लघु उद्योग बंद हो गए। गलत जीएसटी लागू किए। पांच अलग-अलग टैक्स लोगों पर लादे गए। हर महीने फार्म भरने की अनिवार्यता की गई। जो छोटे उद्यमी बचे थे वे इससे खत्म हो गए। सरकार का यह तरीका अरबपतियों के लिए रास्ता साफ करना था। राहुल ने कहा कि कोरोना के समय में भी सरकार ने यही किया। जब उस मजदूर को सरकार की जरूरत थी, तो केन्द्र व गुजरात सरकार ने उनकी मदद नहीं की। मजदूर सड़क पर गिर रहे थे, मर रहे थे। इसी समय अरबपतियों का कर्ज माफ कर दिया गया।
इन्द्रनील ने माफी मांगी, बोले- आम आदमी पार्टी देश-विरोधी—
आम आदमी पार्टी में जाकर वापस कांग्रेस में आने वाले इन्द्रनील राजगुरु ने राहुल गांधी के समक्ष जनता से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि वे भटक गए थे। इसके लिए वे माफी मांगते हैं। वर्षों से उनकी पीढी कांग्रेस के साथ जुड़ी रही है। बीच में वे आम आदमी पार्टी में चले गए थे। यहां जाने पर पता चला कि वह कट्टर इमानदार पार्टी नहीं, कट्टर भ्रष्टाचारी पार्टी है। वह कट्टर देशभक्त नहीं बल्कि देशविरोधी पार्टी है।



