
मोरबी की घटना पर पीएम मोदी देश से मांगे माफी : प्रमोद तिवारी
अयोध्या- 01 नवम्बर। राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद पहली मंगलवार को अयोध्या आए सांसद व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी का कांग्रेसजनों ने देवकाली बाईपास पर स्वागत किया। इस मौके पर सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा भारतीय जनता पार्टी का नाम घोटाला सरकार कर दिया जाना चाहिए,क्योंकि आज पूरे प्रदेश के हर विभागों में घूसखोरी अपने चरम पर है और बेशर्मी के साथ सरकार के हर विभागों में घूस मांगी जा रही है।
सांसद प्रमोद तिवारी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोरबी की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश से माफी मांगने चाहिए। घड़ी बनाने वाली उस कंपनी को पुल के मरम्मत का ठेका दिया जाना जिसे इस क्षेत्र का कोई अनुभव नहीं है इस बात का द्योतक है कि यह दुखद घटनाक्रम भारतीय जनता पार्टी के भ्रष्टाचार का जीता जागता उदाहरण है।
श्री तिवारी ने कहा कि लखनऊ से अयोध्या तक का रास्ता पूरी तरह से खराब हो चुका है। अब सड़क की जगह गड्ढा पाटो सड़क रह गई है। एक तरफ से सड़कों के गड्ढे भरे जा रहे हैं और दूसरी तरफ से टूटते जा रहे हैं। श्री तिवारी ने कहा हमारे नेता राहुल गांधी द्वारा निकाली जा रही भारत जोड़ो यात्रा को मिल रहे जनसमर्थन को देखकर भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से भयभीत है। भारत जोड़ो यात्रा आम आदमी के दुख दर्द को साथ लेकर चल रही। इस यात्रा की सफलता दर्शाती है कि अगले चुनाव में बीजेपी का सूपड़ा पूरे देश से साफ हो जाएगा।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता सुनील कृष्ण गौतम ने बताया प्रमोद तिवारी अयोध्या होते हुए बस्ती किसी कार्यक्रम में जा रहे थे।



