ताज़ा ख़बरें

 मोरक्को भूकंप लीड : मरने वालों की संख्या 8 सौ पार, हजारों इमारतें ध्वस्त, 120 साल में आया सबसे भयावह व जानलेवा भूकंप

रबात- 09 सितंबर। अफ्रीकी देश मोरक्का में आया भूकंप पिछले एक सौ बीस साल का सबसे भयावह बन गया है। मरने वालों की संख्या आठ सौ पार कर गयी है और घायलों की संख्या भी सैकड़ों में है। भूकंप के कारण हजारों इमारतें ध्वस्त हो गयी हैं और लोग बेघर हो गए हैं।

मोरक्को जियोलॉजिकल सेंटर ने बताया कि शुक्रवार की देर रात आए भूकंप की तीव्रता 7.2 थी। हालांकि, अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे ने इसकी तीव्रता 6.8 बताई है। साथ ही कहा कि ये इस इलाके में 120 साल में आया सबसे ताकतवर भूकंप है। भूकंप का केंद्र एटलस पर्वत के पास इघिल नाम का गांव बताया जा रहा है, जो माराकेश शहर से 70 किलोमीटर की दूरी पर है। भूकंप की गहराई जमीन से 18.5 किलोमीटर नीचे थी। पुर्तगाल और अल्जीरिया तक भूकंप के झटके महसूस किए गए।

मोरक्को के गृह मंत्री ने कहा कि भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 822 हो गई है और कम से कम 672 घायल हैं। मृतकों में आधे से ज्यादा अल-हाऊज और तरूडांट प्रांत के हैं। इसके अलावा मोरक्को के उआरजजाते, चिचाउआ, अजीलाल और यूसुफिया प्रांत के अलावा मरक्केश, अगादीर और कैसाब्लांका इलाके में भी भारी संख्या में लोगों की जान गयी है। घायलों में भी तमाम लोगों की हालत नाजुक है, इसलिए माना जा रहा है कि भूकंप से मरने वालों का आंकड़ा अभी काफी बढ़ सकता है।

मोरक्को के गृह मंत्रालय के मुताबिक इस भूकंप से सबसे ज्यादा नुकसान शहर के बाहर पुरानी बस्तियों को हुआ है। मोरक्को के नागरिकों ने इससे जुड़े वीडियो और तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर डाली हैं, जिनमें इमारतों को ध्वस्त होने के बाद धूल के गुबार में बदलते देखा जा सकता है। यूनेस्को की तरफ से विश्व धरोहर स्थल का दर्जा प्राप्त माराकेश शहर में भी तबाही आई है। यहां कई पर्यटकों ने भूकंप के बाद जान बचाने के लिए भागते और चिल्लाते लोगों के वीडियो भी पोस्ट किए हैं।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button