
मोदी-शाह दरबार में बने रहने के लिए नीतीश के खिलाफ बोल रहे अश्विनी चौबे: जदयू
पटना- 07 दिसंबर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे की टिप्पणी के खिलाफ जदयू प्रवक्ता एवं पूर्व विधान पार्षद डॉ. रणबीर नंदन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अश्विनी चौबे का नीतीश कुमार के खिलाफ बोलना निजी एजेंडा रहा है ताकि वे मोदी-शाह दरबार में मौजूं बने रहें।
डॉ. नंदन ने आज बयान जारी कर कहा कि अश्विनी चौबे उन नेताओं में से हैं जो केंद्रीय मंत्री तो बन गए हैं लेकिन अपने विभाग का कोई काम उनके पास दिखाने और बताने को नहीं है। उनके पास बिना वजह की बातों से माहौल बनाने के अलावा कोई चारा नहीं है। 2024 के चुनाव में भी मोदी-शाह के दरबार में उनके नंबर पूरे हों, इसलिए वे सीएम नीतीश कुमार के खिलाफ बोल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अश्विनी चौबे हों या उनके पुत्र, दोनों ने साम्प्रदायिकता के एजेंडे पर आगे बढ़ने की कोशिश की है लेकिन बिहार में यह एजेंडा नीतीश कुमार के कार्यकाल में कभी प्रभावी हो नहीं सकता। ऐसे में अश्विनी चौबे अब मर्यादा की सारी हदें भूल रहे हैं।



