ताज़ा ख़बरें

मोदी मुर्दाबाद बोल सकते है, तो गहलोत मुर्दाबाद भी बोल सकते है: ओवैसी

झुंझुनू- 15 सितंबर। ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी लगातार राजस्थान के मुस्लिम आबादी बहुल जिलों का दौरा कर प्रदेश में अपनी पार्टी को चुनाव लड़वाने की जमीन तैयार कर रहें हैं। बुधवार रात्रि ओवैसी ने झुंझुनू जिले के नवलगढ़ कस्बे के बकरा मंडी इलाके में एक बड़ी आमसभा को संबोधित किया।

ओवैसी के निशाने पर भाजपा और कांग्रेस दोनों रही। ओवैसी के नवलगढ़ पहुंचते ही बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने उनका स्वागत किया। मौके पर ओवैसी का सम्मान भी किया गया। इसी दौरान उन्होने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस पार्टी सर्कस का मंजर पेश कर रही है। मुख्यमंत्री का एक मंत्री कहता है राजस्थान में सिर्फ दो नारे लग सकते है। एक राजीव गांधी का व दूसरा अशोक गहलोत का। प्रदेश में गहलोत मुर्दाबाद बोलना गुनाह होगा, तो मै बोलता हूं अशोक गहलोत मुर्दाबाद। जब खड़े होकर मोदी मुर्दाबाद बोल सकते है, तो गहलोत मुर्दाबाद भी बोल सकते है।

ओवैसी ने कहा कि राजस्थान बीजेपी में भी अंदरुनी खींचतान चल रही है। महारानी कह रही है कि मैं मुख्यमंत्री बनूंगी, लेकिन अमित शाह पलट कर भी नहीं देखते हैं। मेरे भाषण के बाद बीजेपी व कांग्रेसी बैठकर बोलेंगे इसको कैसे रोकेंगे। क्योंकि यह अंदर की बात पब्लिक के सामने ला रहा है। ओवैसी ने कहा कि प्रदेश में भाजपा व कांग्रेस के बीच कबड्डी का मैच चलता है। पांच साल तुम, पांच साल हम। आप साथ देंगे तो इनकी नूरा-कुश्ती को तोड़ेंगे व प्रदेश में तीसरी ताकत बनकर उभरेंगे।

औवेसी ने कहा कि जिस समाज के पास सियासी ताकत होगी उसी समाज के साथ इंसाफ होगा। उन्होंने कहा कि मुस्लिमों के कारण मोदी दो बार देश के पीएम नहीं बने बल्कि कांग्रेस के कारण मोदी दो बार देश के प्रधानमंत्री बने हैं। उनके प्रदेश के दौरे पर कांग्रेस इतना क्यों डरती है। करौली में दंगा हुआ, लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री नहीं गए। प्रदेश में महंगाई सबसे अधिक है। उन्होंने कहा कि मैं नवलगढ़ आया हूं तो यहां के विधायक को दर्द हो रहा है। लेकिन वे बता देना चाहते है कि भाजपा यदि आगे बढ़ रही है तो वो कांग्रेस के सहयोग से इसलिए हमें तीसरी ताकत को पहचानना होगा।

उन्होंने कहा कि कल ही गोवा में आठ कांग्रेसी विधायक भाजपा में गए हैं। गत दिनों मध्यप्रदेश में हुआ। यह ओवैसी तो नहीं कर रहा। राहुल गांधी खुद चुनाव हार गए अमेठी में। वहां पर भी ओवैसी का कंडीडेट तो नहीं था। लेकिन सिर्फ यह हवा उड़ाई जाती है कि ओवैसी वोट काटने आया है। उन्होंने राजस्थान को देश का सबसे महंगा राज्य बताया, क्योंकि यहां की महंगाई सबसे ज्यादा है।

औवेसी ने जीएसटी को लेकर भी प्रधानमंत्री मोदी पर बड़ा हमला करते हुए कहा कि मोदी का नाम जीएसटी रख देना चाहिए। बीजेपी को हराने की जिम्मेदारी सिर्फ मुस्लिमों की नहीं बल्कि 36 कौम की है। उन्होंने इस मौके पर कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने पैंसिल तक पर जीएसटी लगा दिया है। मतलब बच्चा स्कूल में ए फॉर एप्पल लिखता है, तो उसे पैंसिल पर जीएसटी देना होगा। श्मशान पर भी जीएसटी लगा दिया। जिंदा रहे तो जीएसटी, मरे तो जीएसटी। ऐसे में अब देश के प्रधानमंत्री को अपना नाम जीएसटी ही रख लेना चाहिए क्योंकि हर चीज पर जीएसटी लगा दिया गया है। अब बची है तो केवल सांस। आने वाले समय में प्रधानमंत्री और उनकी पार्टी के लोग कहेंगे कि भारत को विश्वगुरू बनाना है इसलिए सांस पर भी जीएसटी लगा देते हैं।

इससे पहले पार्टी के जमील खान और एडवोकेट जावेद खान के नेतृत्व में ओवैसी को 51 किलो की माला पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में उमर लंगा, जाकिर खोखर, मोहसीन खोखर, माजिद जिंदरान, इशाक खोखर, मुस्तसिम लंगा, नईम तंवर, सुभाष बुनकर, यासीन खत्री, सुनिल खटीक, सिकंदर खत्री, फजल करीम, जाकिर खोखर, ईशाक खोखर, अब्दुल रहीम खत्री, माजिद खत्री, असमल, आरीफ सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button