ताज़ा ख़बरें

मैक्सिको में ड्रग माफिया की गिरफ्तारी पर दंगा, सौ से अधिक उड़ानें रद्द, तीन जवानों की मौत

मैक्सिको सिटी- 06 जनवरी। मैक्सिको में ड्रग माफिया की गिरफ्तारी के बाद दंगे भड़क उठे हैं। नशीले पदार्थों के तस्करों के गैंग ने एयरपोर्ट पर हमला कर दिया, जिससे गोलीबारी में तीन जवानों की मौत हो गयी। मैक्सिको में सौ से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गयी हैं और सिनालोआ राज्य के स्कूल बंद कर दिये गए हैं।

मैक्सिको का चर्चित व खूंखार ड्रग माफिया 65 वर्षीय एल चापो अमेरिका की एक जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा है। उसे नशीले पदार्थों की तस्करी और मनी लांड्रिंग के मामले में सजा सुनाई गयी थी। अब एल चापो का पुत्र 32 वर्षीय ओविडियो गुजमैन लोपेज अपने भाइयों के साथ पिता के नशीले पदार्थों के नेटवर्क का संचालन करता है। उसे नशीले पदार्थों की तस्करी की दुनिया में ‘द माउस’ के नाम से जाना जाता है। पांच जनवरी को ओविडियो को गिरफ्तार कर लिया गया था। ओविडियो को कुलियाकन शहर में गिरफ्तार किया गया था। बाद में उसे मैक्सिको सिटी भेज दिया गया था।

उसकी गिरफ्तारी के बाद से ही मैक्सिको के राज्य सिनालोआ में दंगे भड़क गए हैं। ओविडियो की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे उसके गैंग के सदस्यों ने सड़कों पर आतंक मचा रखा है। उन लोगों ने कई गाड़ियां फूक दी हैं। एक एयरपोर्ट पर हमला कर दो विमानों पर फायरिंग भी की गई है। गोलीबारी के दौरान सुरक्षाबलों के तीन जवानों की मौत हो गई। ओविडियो के गैंग के सदस्यों ने उड़ान भरने की तैयारी कर रहे एक विमान पर हमला बोल दिया। हमले से डरे यात्रियों ने नीचे झुककर अपनी जान बचाई। इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है। गैंग मेंबर्स ने एयरफोर्स के एयरक्राफ्ट पर भी हमला किया। हमले की वजह से सिनालोआ राज्य में 100 से ज्यादा उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इसके अलावा सिनालोआ के सभी स्कूल अगले आदेशों तक के लिए बंद कर दिये गए हैं।

सुरक्षाबल दंगों पर काबू पाने के लिए लगातार ऑपरेशन कर रहे हैं। आम लोगों से घरों में रहने की अपील की गई है। पूरे राज्य में स्कूलों को बंद कर दिया गया है। सिनालोआ राज्य के गवर्नर के मुताबिक अब तक दो दर्जन घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

मैक्सिको के रक्षा मंत्री क्रेसेंशियो सैंडोवल ने बताया कि पिछले 6 महीने से ओविडियो पर नजर रखी जा रही थी। इसमें अमेरिकी अधिकारियों ने भी मदद की थी। अमेरिका ने दिसंबर, 2022 में ओविडियो और उसके भाइयों की जानकारी देने वाले व्यक्ति को 50 लाख डॉलर का इनाम देने की घोषणा की थी। ओविडियो को 2019 में भी गिरफ्तार किया गया था, लेकिन उसके गैंग के सदस्यों ने हिंसा भड़काने की धमकी दी थी, जिसके बाद उसे छोड़ दिया गया था।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button