
मुंबई के अंधेरी इलाके में 11 लाख रुपये की ड्रग्स के साथ दो विदेशी गिरफ्तार
मुंबई- 03 फरवरी। महाराष्ट्र पुलिस के एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) ने मुंबई में अंधेरी के सहार इलाके में 11 लाख रुपये की ड्रग्स के साथ दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया। एएनसी की टीम ने इन दोनों के पास से 55 ग्राम ड्रग्स बरामद किया है। दोनों अफ्रीका के निवासी हैं और दोनों की उम्र 23 साल के आसपास है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार एएनसी की बांद्रा यूनिट को अंधेरी के सहार इलाके में ड्रग पेडलरों के आने की गोपनीय जानकारी मिली थी। इसी के आधार पर एएनसी की बांद्रा यूनिट की टीम सहार गांव में निगरानी कर रही थी। जैसे दोनों आरोपित मौके पर पहुंचे, पुलिस ने दोनों को रोक कर तलाशी ली। इस दौरान उनके पास 55 ग्राम से अधिक वजनी नशीला पदार्थ बरामद किया गया। इसकी बाजार कीमत करीब 11 लाख रुपये आंकी जा रही है। इन दो अफ्रीकी युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपितों को ड्रग्स रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एएनसी इस बात की आगे की जांच कर रही है। अब तक की छानबीन में पता चला है कि दोनों ड्रग पेडलर यह मादक पदार्थ स्कूल और कॉलेजों के पास बिक्री करते थे। मामले की गहन छानबीन जारी है।



