
महिला सिपाही से संबंध के आरोप पर थानाध्यक्ष ने पत्नी को लोहे की रॉड से पीटा, जख्मी
एटा- 02 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के जसरथपुर थाने में तैनात एक थानाध्यक्ष ने शनिवार की रात अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी। पिटाई से पत्नी घायल हो गई। उन्हें एटा में मेडिकल कॉलेज में 108 एम्बुलेंस ने भर्ती कराया। यहां पीड़िता ने थानाध्यक्ष पर आरोप लगाए। पीड़िता का कहना था कि शादी के पांच दिन बाद से ही पति पिटाई कर उसे परेशान करने लगे थे। शनिवार रात पति ने लोहे की रॉड से पीटा। पीड़िता के शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे।

मेडिकल कॉलेज में पीड़ित महिला ने बताया कि शनिवार की रात उनके पति श्रवण कुमार निगम आगरा से ड्यूटी पर वापस आए थे। इस दौरान खाने को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर थानाध्यक्ष ने लोहे की रॉड से पत्नी की पिटाई कर दी। पत्नी चीखती रही, लेकिन उन्हें कोई बचाने नहीं आया। पीड़िता ने बताया कि वह किसी तरह 108 एम्बुलेंस में बैठकर एटा मेडिकल कॉलेज पहुंची। उन्होंने बताया कि पति शादी के एक हफ्ते बाद से ही परेशान करने लगे थे। आरोप लगाया कि उनके पति के किसी महिला कांस्टेबल से संबंध हैं। पति के परिजन इस बात को अच्छी तरह से जानते थे, लेकिन उसके बावजूद उन्होंने शादी करा दी। पीड़िता ने बताया कि वह मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से पहले भी कर चुकी हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक धनंजय सिंह कुशवाह ने बताया कि थाना प्रभारी जसरथपुर और उनकी पत्नी के मध्य किसी संबंध को लेकर मारपीट हुई है। घायल को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। इस संबंध में प्रथमदृष्टिया सूचना मिली, तो पुलिस कार्रवाई में जुट गई और मामले की जांच पड़ताल क्षेत्राधिकारी को सौपी गई है। पीड़िता द्वारा लिखित में शिकायत नहीं की गई, प्रार्थना पत्र दिया जाएगा तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



