
महिलाओं को बढ़ावा देने से समाज मे आएगी समानताः एसडीपीओ
मधुबनी- 19 दिसंबर। आज के युग में महिलाएं हर क्षेत्र में अव्वल हो रही है। समाज में अगर समानता की बात की जाएगी, तो जबतक महिलाओं को बराबरी का हक नहीं मिलेगा, तबतक समानता संभव नहीं है। देश के विभिन्न जगहों पर महिलाएं देश का नाम रौशन कर चुकी है। इस लिए, जरूरी है कि महिलाओं को उचित सम्मान मिले। उक्त बातें बेनीपट्टी डीएसपी अरुण कुमार सिंह ने सोमवार को मुख्यालय के एसएस ज्ञान भारती स्कूल में महिला सशक्तिकरण पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं प्लेन,ट्रेन चला रही है। क्रिकेट ही नहीं,हर खेल में खुद को स्थापित कर रही है। वहीं, एसआई प्रीति भारती ने उपस्थित छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि, आज लड़की हर क्षेत्र में अपने नाम ऊंचा कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण का अर्थ है कि महिलाएं अपने जीवन से जुड़े हर एक पहलू पर सोंच समझ कर सही ढंग से निर्णय ले सके। समाज में नारी को पुरुष के समान सभी अधिकार हासिल हो। महिलाएं दुसरो पर निर्भर होने के बजाय खुद आत्मनिर्भर बन सके। एसएस ज्ञान भारती के निदेशक अमरेश मिश्र ने कहा कि, आज बेशक भारत विश्व की उभरती हुई शक्ति है। लेकिन, आज भी देश में कन्या जन्म को दुर्भाग्य माना जाता है। रूढ़िवादी सोंच के लोग आज भी भ्रण हत्या कर रहे है।शिक्षा के अभाव में महिलाएं पीछे रह जाती है। जबकि, इनलोगों को शिक्षित होना काफी जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि, आप लोग शिक्षा के बदौलत बेहतर मुकाम हासिल कर ऐसे रूढ़िवादी लोगों को जवाब दे सकते है। उन्होंने छात्राओं से ढंग से शिक्षा ग्रहण करने की अपील की। इससे पूर्व निदेशक के द्वारा एसडीपीओ अरुण कुमार सिंह समेत अन्य एसएचओ को पाग-दोपट्टा देकर सम्मानित किया।



