ताज़ा ख़बरें

महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना बालासाहेब की और मनसे के बीच महागठबंधन के संकेत

मुंबई- 22 अक्टूबर। महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी-शिवसेना बालासाहेब की और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के बीच महागठबंधन के संकेत मिलने लगे हैग। इस संबंध में अभीतक अधिकृत घोषणा नहीं की गई है, लेकिन इसकी पूर्व तैयारी जोरों पर है। अगर यह तैयारी सही तरीके से की गई तो महाराष्ट्र के विभिन्न नगर निगम में आगामी चुनाव और वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा, विधानसभा चुनाव में महाविकास आघाड़ी की राह काफी कठिन होगी।

भाजपा ने शिवसेना से अलग हुए धड़े शिवसेना बालासाहेब ठाकरे के साथ गठबंधन कर राज्य में शिंदे -फडणवीस सरकार बनाई है। लेकिन वोटों का जोड़ और मजबूत हो जाए इसलिए राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना को इस गठबंधन में शामिल कर महागठबंधन करने की तैयारी कर रही है। इसके तहत उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राज ठाकरे की कई दौर की मुलाकात हो चुकी है। यहां तक कि भाजपा महाराष्ट्र अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले और मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार भी राज ठाकरे के आवास पर जाकर मुलाकात कर चुके हैं।

इसी कड़ी में शुक्रवार देर रात दादर स्थित शिवाजी पार्क मैदान पर दीपावली के उपलक्ष्य में दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। हालांकि यह कार्यक्रम मनसे ने आयोजित किया था लेकिन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस उपस्थित थे। इस बैठक में देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई नगर निगम की सत्ता हासिल करने की मंशा जताई और कहा कि अगले साल इसी तरह तीनों दल एक साथ शिवाजी पार्क पर दीपोत्सव कार्यक्रम में इसी तरह उपस्थित होंगे। उन्होंने परोक्ष रूप से कहा कि आगामी चुनाव तीनों दल साथ मिलकर लड़ने वाले हैं।

मनसे की ओर से इस संबंध में कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की गई है, सारा निर्णय राज ठाकरे को ही करना है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी इस गठबंधन को लेकर सकारात्मक हैं, इसका कारण उन्हें इसी गठबंधन के बल पर आगामी चुनाव में उनके 50 विधायकों को चुनाव जीतना है। एकनाथ शिंदे पहले ही कह चुके हैं कि आगामी चुनाव में उनकी पार्टी भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी और राज्य में 200 से अधिक सीटें जीतेगी। हालांकि वर्तमान में मनसे का राज्य में सिर्फ एक विधायक है, लेकिन अगर यह गठबंधन होता है, तो मनसे के विधायकों की संख्या तो बढ़ेगी ही, मनसे का सांसद भी लोकसभा तक पहुंच सकता है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button