
महाराष्ट्र:- माटुंगा में युवक की हत्या, 3 गिरफ्तार
मुंबई- 24 अक्टूबर। मुंबई के माटुंगा इलाके में मामूली विवाद में तीन लोगों ने मिलकर एक युवक की हत्या कर दी। इस घटना में शाहुनगर पुलिस स्टेशन की टीम ने तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक युवक की पहचान रोनित भालेकर (28 वर्ष) के रूप में की गई है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
इस संबंध में एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि घटना के वक्त रोनित भालेकर अपने दोस्त के साथ माटुंगा इलाके में आपस में गपशप कर रहे थे। भालेकर का रविवार को तीनों आरोपितों में से एक को देखने को लेकर झगड़ा हुआ था। इसके बाद आरोपितों ने भालेकर की जमकर पिटाई कर दी। इस पिटाई में भालेकर मौके पर ही बेहोश हो गया। इसके बाद उसे सायन अस्पताल ले जाया गया। हालांकि वहां भर्ती होने से पहले ही उसे मृत घोषित कर दिया गया।
शाहू नगर पुलिस ने इस मामले में तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया है और उनके खिलाफ हत्या का मामला भी दर्ज किया गया है। इन आरोपियों को स्थानीय कोर्ट में पेश किया गया और कोर्ट ने तीनों को तीन दिन तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है।



