
मशरूम प्लांट की छत गिरी, 2 महिलाओं की मौत, कई जख्मी
हरिद्वार-24 जुलाई। जनपद के झबरेड़ा थाना क्षेत्र में स्थित एक मशरूम प्लांट की छत गिरने से प्लांट में काम कर रहीं दो महिलाओं की मलबे में दबकर मौत हो गई जबकि छह से अधिक महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलते ही क्षेत्र के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। राहत कार्य शुरू कर दिया गया है।
झबरेड़ा थाना प्रभारी धर्मेंद्र राठी के अनुसार झबरेड़ा थाना क्षेत्र के कोटवाल आलमपुर गांव के पास स्थित एक मशरूम प्लांट में सोमवार की देर शाम जब कुछ महिलाएं कार्यरत थी, तो अचानक प्लांट की छत गिर गई। छत के मलबे के नीचे दबकर दो महिलाओं की मौत हो गई जबकि अन्य छह से अधिक महिलाएं घायल हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही झबरेड़ा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों की मदद से मलबा हटवाने का कार्य शुरू कर दिया है। थानाध्यक्ष धर्मेद्र राठी ने बताया कि घायलों को अस्पताल भिजवाया जा रहा है। राहत कार्य जारी है।
सूचना पाकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिनव शाह एवं एसपी देहात मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई। मृतक महिलाओं में अमृता पत्नी नरोत्तम निवासी ग्राम सढौली और सुदेश पत्नी मांगेराम निवासी ग्राम कोटवाल शामिल है जबकि गंभीर रूप से घायल सुमलेश पत्नि मांगेराम, रूबी पत्नी संजय, ज्योति पत्नी मनोज एवं सतेन्द्री पत्नी इंद्र सिंह को रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्लांट के बाहर कार्यरत महिलाओं के परिजनों एवं गांव वालों की भीड़ जुटी हुई है।