
मधुबनी। जिले में वार्षिक माध्यमिक परीक्षा-2022 के लिए पंजीकृत 7 हजार 36 छात्रों ने परीक्षा का फॉर्म नहीं भरा है। इन छात्रों ने अपना पंजीयन तो कराया है,परंतू फार्म नहीं भरा है। जिले में 226 इन स्कूलों से 48336 छात्रों ने अपना पंजीयन कराया। जिसमें से 41300 छात्रों ने ही वार्षिक परीक्षा के लिए फॉर्म भरा है। इस तरह 7036 छात्रों ने अपना फॉर्म नहीं भरा है। इतनी तादाद में छात्रों का परीक्षा फॉर्म नहीं भरा जाना शिक्षा विभाग में हलचल मचा दिया है। विभाग ने इसकी तहकीकात शुरू कर दी है कि इतनी संख्या में छात्र अपनी पढ़ाई क्यों छोड़ रहे हैं। उनके परीक्षा फॉर्म नहीं भरने के कारण की तलाश जबतक पूरी नहीं होती है,कुछ भी कहना मुश्किल होगा। फिलहाल विभाग ने पंजीकृत छात्रों के परीक्षा फॉर्म नहीं भरे जाने को लेकर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक (माध्यमिक) ने डीएम को पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने पंजीकृत छात्रों के परीक्षा फॉर्म नहीं भरे जाने का उल्लेख करते हुए संबंधित तथ्यों से अवगत कराया है और अनुरोध किया है कि इस गतिरोध पर अपने स्तर से गहन समीक्षा कर वस्तुस्थिति को स्पष्ट करते हुए समंतव्य प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा है। जिन विद्यालयों से कम से कम 15 पंजीकृत छात्र का परीक्षा आवेदन नहीं भरा गया है,उसकी सूची बोर्ड ने डीएम को उपलब्ध कराया है। परीक्षा नियंत्रक ने इस सूची के आलोक में विद्यालयों के प्रधान के साथ वस्तुस्थिति की समीक्षा कर फलाफल के आधार पर संबंधित विद्यालय प्रधान के खिलाफ नियम संगत कार्रवाई करते हुए समिति को अवगत कराने को कहा है। बोर्ड ने ऐसे सभी स्कूलों की सूची डीएम को उपलब्ध कराया है। इसके अनुसार आइएचएस हाईस्कूल बासोपट्टी में 1471 छात्रों ने अपना पंजीयन कराया। लेकिन यहां के 1286 छात्रों ने अपना परीक्षा फॉर्म भरा और 185 छात्र अपना परीक्षा आवेदन नही भरा है। यहां पर सबसे अधिक छात्रों ने परीक्षा फॉर्म नहीं भरा है। शहर में वाटसन प्लस टू हाईस्कूल में पंजीकृत 477 छात्रों में से 399 छात्र परीक्षा फॉर्म भरे हैं। यहां पर 48 छात्र आवेदन नहीं दिया है। वहीं सूड़ी प्लस टू उच्च विद्यालय में 608 छात्रों में से 38 छात्रों ने परीक्षा फॉर्म नहीं भरा है। टीएन उवि कलुआही में 309 में से 77, एसके उवि पंडौल में 705 में से 38, एलएस उवि बलनी कपड़िया में 441 में से 56,एनएमएसएस गंगौर में 419 में से 60, एचएस सोनई में 438 में से 58,बीजेजे अरेर में 345 में से 60, दीनदयाल एचएच उमगांव में 370 में से 56 छात्रों ने परीक्षा फॉर्म नहीं भरा है। सूड़ी उच्च विद्यालय के एचएम प्रशांत कुमार ने बताया कि स्कूल प्रबंधन के द्वारा सभी छात्र और उनके अभिभावकों को संपर्क कर फॉर्म भरे जाने की सूचना लगातार दी गयी। लेकिन छात्रों के बाहर होने, राशि नहीं होने, छात्र के बीमार होने या फिर तैयारी पूरी नहीं होने की जानकारी अभिभावकों के द्वारा दी गयी और ऐसे ही कुछ छात्र फॉर्म भरने से वंचित हुए हैं। इधर बोर्ड से प्राप्त आदेश के आलोक में जिला शिक्षा पदाधिकारी नसीम अहमद ने सभी एचएम को इस संबंध में जानकारी देने का आदेश दिया है। उन्होंने अग्रेतर कार्रवाई करते हुए प्रतिवेदन शीघ्र देने का निर्देश दिया है।



