
मधुबनी में ट्रेन जलने की घटना के बाद सहरसा में कोच की बढ़ाई गई सुरक्षा
सहरसा-19 फरवरी। सहरसा जंक्शन यार्ड, वाशिंग पिट में खड़ी ट्रेन के खाली रैक की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।मधुबनी स्टेशन पर खड़ी ट्रेन की बोगी मे आग लगने की घटना के बाद आरपीएफ पोस्ट के अलावा संबंधित विभागों के सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों को पूरी तरह चौकस रहने को कहा है।
साथ ही खाली खड़े रैक स्थिति की जांच करते हुए अगर खुले पाए जाते हैं तो इसकी सूचना भी पोस्ट को देने को कहा गया है।ज्ञात हो कि अभी भी सहरसा जंक्शन पर भी आधा दर्जन से अधिक खाली कोच खड़ी रहती है। इसके अलावा लंबी दूरी की कई महत्वपूर्ण ट्रेनें वैशाली सुपरफास्ट, बांद्रा हमसफर क्लोन हमसफर,एवं राज्यरानी सुपरफास्ट सहित कई ट्रेनें कोचिंग डिपो के पास वाशिंग के लिए भी खड़ी रहती है। वहीं कुछ कोच खराब परिस्थिति में है।सहरसा जंक्शन विद्युत विभाग कोचिंग डिपो के अलावा कई कर्मचारियों को इसे लेकर गाइडलाइन जारी की गई है। जब ट्रेन कोचिंग डिपो या वाशिंग पीट में खड़ी हो तो कर्मचारी सुनिश्चित करें कि कोई लाइट तो नहीं जल रही है। इसके अलावा सभी कोच के दरवाजे और खिड़की पूरी तरह से बंद है या नहीं संबंधित रेल विभाग के कर्मचारी निश्चित करेंगे।हालांकि मधुबनी स्टेशन पर खड़ी ट्रेन मे आग कैसे लगी उसकी जांच पड़ताल की जा रही है।जांच रिपोर्ट के बाद ही सही स्थिति की जानकारी संभव हो सकेगा।



