
मधुबनी प्रशासन जिले में छठ पर्व शांतिपूर्ण व सुखद आयोजन के लिए प्रतिबद्धः डीएम
मधुबनी-09 नवंबर। जिलाधिकारी अमित कुमार द्वारा आगामी 10 एवं 11 नवंबर को मनाए जाने वाले छठ पूजा की प्रशासनिक तैयारियों के बारे में बिस्वान के माध्यम से सभी संबंधित अधिकारियों की समीक्षात्मक बैठक की अध्यक्षता की गई। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि जिला स्तर से कुल 447 छठ घाटों को चिन्हित करते हुए दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी प्रतिनियुक्त अधिकारी अपने अपने प्रतिनियुक्ति स्थल की जांच कर लें। किसी भी स्थल पर छठ घाटों के पास बिजली के असुरक्षित तार लगे हुए खंभे हों,तो ससमय हटवा दें। घाटों पर पानी की गहराई के अनुरूप घेराबंदी करवाना सुनिश्चित किया जाए। जिला प्रशासन द्वारा जिले में छठ पर्व के शांतिपूर्ण एवं सुखद आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है। जनहित को देखते हुए हमे पूरी तैयारी रखनी है। इसके लिए चिकित्सा दल एवं गोताखोरों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि अत्यधिक उल्लास में कुछ लोग गैर जिम्मेवारी से काम लेते हैं। तथा गहरे पानी में असुरक्षित तरीके से चले जाते हैं। हमें इस स्थिति से बचना चाहिए। अत्यधिक भीड़ भाड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती हो। तथा अनियंत्रित पटाखों के इस्तेमाल को रोका जाय। यह पर्व सबसे महान पर्वों में से एक है,जिसमें इको फ्रेंडली तरीके से मानने का विधान है। सभी घाटों पर माइकिंग की पूरी व्यवस्था हो। तथा निजी नावों अथवा डोंगियो के परिचालन पर रोक लगाई जाए। जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जिले में छठ पर्व के दिन सूर्यास्त का समय सांयकाल 04.58 एवं सूर्योदय का समय प्रातः 06.02 मिनट निर्धारित है। उन्होंने अपने संबोधन में समस्त जिले वासियों को छठ पर्व की शुभकामनाएं दी। तथा सभी नागरिकों से इसे खुशी और उल्लासपूर्ण माहौल में बनाने की अपील की। उन्होंने सभी से प्रशासन को सहयोग प्रदान करने की भी अपील की है। ऑनलाइन संचालित इस बैठक में पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश,अपर समाहर्ता अवधेश राम,उप विकास आयुक्त विशाल राज,जिला आपदा पदाधिकारी अमेत विक्रम बैनामी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्रीमती वंदना कुमारी, वरीय उप समाहर्ता सुश्री आरती कुमारी के साथ साथ जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारी,सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी,सभी थानाध्यक्ष शामिल हुए।



