
मधुबनी। खुटौना पंचायत की मुखिया उम्मीदवार पिंकी देवी ने मतगणना में धांधली के खिलाफ आत्मदाह की धमकी दी है। खुटौना प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी को दिये आवेदन में उन्होंने बताया है कि आरके कॉलेज मधुबनी स्थित मतगणना केंद्र पर उनके सामने ईवीएम मशीन नहीं दिखाई गई। एक पर्ची पर अलग-अलग उम्मीदवारों को प्राप्त मत लिखे गये थे। वही दिखाकर चुनाव परिणाम घोषित कर दिया गया और उन्हें बताया गया कि वे 31 मतों से चुनाव हार चुकी हैं। परंतू उनका कहना है कि पंचायत के कुल 15 वार्डों में पड़े मतों की 5831 संख्या को वहां 5813 बताया गया। उनका यह भी कहना है कि वार्ड संख्या-07 में मुखिया उम्मीदवारों को पड़े कुल मतों की संख्या 344 बतायी गयी जबकि उसी वार्ड के वार्ड सदस्य पद के लिए चार उम्मीदवार मैदान में थीं। उनमें से कुमारी अर्चना को 193, नीलम देवी 48,मीरा देवी को 50 एवं सरिता देवी को 107 मत पड़े। इस तरह वार्ड सदस्यों को कुल 398 मत पड़े बताये गए। ऐसा कैसे हुआ यह बताने को कोई तैयार नहीं है। इसकी पुष्टि ऑनलाइन घोषित परिणाम से भी हो जाती है। इस तरह पिंकी देवी ने चुनाव परिणाम को पक्षपात से प्रभावित बताया है। उन्होंने तत्काल ही प्रखंड विकास पदाधिकारी से फिर से वोटों की गिनती का आग्रह किया था। परंतू उन्होंने अनसूना कर परिणाम घोषित कर दिया। तथा विजयी उम्मीदवार को प्रमाण-पत्र भी दे दिया। उन्होंने इसी पंचायत के कुछ शिक्षकों को मतगणना ड्यूटी में लगाकर धांधली कराये जाने का गंभीर आरोप भी लगाया है। इसकी ऑनलाइन शिकायत उन्होंने चुनाव आयोग को भी कर दी। परंतू अभी तक कोई कार्रवाई नहीं होने से वे मानसिक रूप से बहुत परेशान हैं। उन्होंने दुबारा मतों की गिनती किये जाने की मांग की है। तथा ऐसा नहीं किये जाने पर उन्होंने अपनी जनता के बीच आत्मदाह की धमकी दी है।



