
मंत्री लेसी सिंह के विरोध में उतरी जदयू की महिला विधायक ने इस्तीफे की दी चेतावनी
पटना- 17 अगस्त। एनडीए से नाता तोड़ महागठबंधन के साथ सरकार बनाने और मंत्रिमंडल का विस्तार करने के बाद जदयू के कुछ विधायकों में असंतोष है। जदयू की एक महिला विधायक ने बुधवार को असंतोष जताते हुए विधायक पद से इस्तीफा देने की बात कह दी है। दरअसल, महिला विधायक जदयू कोटे से मंत्री बनी लेसी सिंह के विरोध में खड़ी हो गयी हैं।
रुपौली से जदयू की विधायक और पूर्व मंत्री बीमा भारती नीतीश कैबिनेट में जदयू कोटे से मंत्री लेसी सिंह पर भड़की हुई है। बीमा भारती ने लेसी पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। बीमा भारती ने कहा कि मंत्री लेसी सिंह मर्डर करवाती और आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहती है। वे पार्टी विरोधी गतिविधियों में भी शामिल रहती है। उन पर कई गंभीर केस है। इसके बाद भी नीतीश कुमार ने उन्हें मंत्री बनाया है। अगर लेसी सिंह को मंत्री पद से नहीं हटाया गया तो वे विधायक पद से इस्तीफा दे देंगी। उन्होंने कहा कि अगर राजपूत जाति से ही बनाना था तो किसी स्वच्छ छवि वाले को मंत्री बनाते।



