
मंत्री नवाब मलिक की गिरफ्तारी के विरोध में राज्यव्यापी प्रदर्शन
मुंबई-25 फरवरी। महाविकास आघाड़ी सरकार के सहयोगी दलों ने शुक्रवार को मंत्री नवाब मलिक की गिरफ्तारी के विरोध में महाराष्ट्र के कई जिलों में जोरदार प्रदर्शन किया। सहयोगी दलों ने आज फिर नवाब मलिक को झूठे मामले में फंसाए जाने की आवाज बुलंद की है।
महाविकास आघाड़ी के सहयोगी दल शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस पार्टी ने आज मुंबई,ठाणे, कल्याण,बुलढ़ाणा,खामगांव, कोल्हापुर,जलगांव,अहमदनगर, उस्मानाबाद, कोपरगांव आदि स्थानों पर नवाब मलिक की गिरफ्तारी के विरोध में धरना प्रदर्शन किया है। कोल्हापुर में मंत्री हसन मुश्रीफ ने कहा कि नवाब मलिक को कुख्यात बदमाश दाऊद इब्राहिम का साथी बताते हुए झूठा मामला भाजपा के इशारे पर प्रवर्तन निदेशालय ने केस दर्ज कर गिरफ्तार किया है। इतने साल से भाजपा सत्ता में हैं, उसे अब पता चला जब वे भाजपा विरोधी बयानबाजी करने लगे।
इसी तरह जलगांव में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अरुण गुजराती ने ईडी की कार्रवाई को गलत बताया है। अहमद नगर में शिवसेना सांसद ओम निंबालकर ने कहा कि केंद्रसरकार के इशारे पर महाविकास आघाड़ी को बदनाम करने के लिए इस तरह की कार्रवाई की जा रही है।



