क्राइम

भोपालः केरवा डैम में नहाने गए 3 बच्चों की डूबने से मौत

भोपाल- 14 अप्रैल। राजधानी भोपाल के रातीबड़ थाना इलाके में स्थित केरवा डैम में नहाने गए तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। बताया गया है कि गुरुवार को दोपहर में चार दोस्त नहाने के लिए केरवा डैम पहुंचे थे। इसी दौरान नहाते समय तीन दोस्त गहरे पानी में डूब गए। पानी के बाहर खड़ा चौथा छात्र दोस्तों को डूबता देख मदद के लिए चीखता रहा। जब तक मदद मिलती काफी देर हो चुकी थी।

रातीबड़ थाना पुलिस के मुताबिक, भोपाल के सात नंबर स्टॉफ के पास रहने वाले मोहित सोंधिया(17), शुभम अधिकारी (17) एमपी नगर जैन मंदिर में रहने वाले निशांत जैन (17) की मौत हुई है। तीनों ओल्ड कैंपियन स्कूल में कक्षा 11वीं में पढ़ते थे। घटना के समय इनके साथ मौजूद ऋषि शुक्ला ने पुलिस को बताया कि सबसे पहले शुभम अधिकारी पानी में नहाने के लिए उतरा। वह डूबने लगा। जिसे बचाने के लिए निशांत जैन पानी में गया। वह भी डूबने लगा। तभी मोहित बचाने के लिए पानी में कूदा। देखते ही देखते तीनों दोस्त डूब गए। इससे घबराए ऋषि ने मदद के लिए शोर मचाया। स्पॉट में मौजूद लोगों ने तुरंत ही पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब तक पहुंचती तब तक काफी देर हो चुकी थी। थोड़ी देर बाद पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तीनों स्टूडेंट की तलाश शुरू की। तीनों के शव गहरे पानी में मिले।

पुलिस के अनुसार, शुभम और निशांत अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। निशांत के पिता की मौत हो चुकी है। उस समय निशांत महज डेढ़ साल का था। निशांत अपनी मां के साथ जैन मंदिर में रहता था। वहीं, शुभम के पिता संतोष अधिकारी ड्राइवरी करते हैं। शुभम भी दो बहनों में इकलौता भाई था। मोहित सोंधिया के पिता समयलाल टीटी नगर में चाय का स्टॉल लगाते हैं। तीनों एक साथ हॉकी खेलने जाते थे।

मोहित सोंधिया के भाई रोहित ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे वह केरवा डैम में नहाने जाने की बात मां गायत्री से कह रहा था। मां ने उसे मना किया था कि केरवा मत जाना। घर में पानी में भरा है, यहीं नहा ले। लेकिन वह चुपके से स्कूटी उठाकर भाग गया। चारों दोस्त केरवा डैम पहुंच गए। इसकी जानकारी परिवार को नहीं थी। दोपहर में सभी के घर में मौत की खबर पहुंची।

ऋषि ने बताया कि तीनों दोस्त पहले साथ में नहाए। मोहित और निशांत नहाकर बाहर निकल आए। अकेले शुभम नहा रहा था। तभी शुभम डूबने लगा। वह बचाने के लिए चीखने लगा। तभी निशांत उसे बचाने के लिए फिर से पानी में उतरा। इसके बाद मोहित गया। तीनों डूब गए। ऋषि नूतन कालेज के पास छह नंबर स्टाफ पर रहता है। चारों दोस्त घूमने के बाद केरवा में नहाने का प्लान बनाया था।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button