
भारत ने पिंक बॉल टेस्ट में श्रीलंका को 238 रन से हराया, श्रृंखला 2-0 से जीती
बेंगलुरु- 14 मार्च। भारतीय क्रिकेट टीम ने बेंगलुरु में खेले जा रहे पिंक बॉल टेस्ट मैच में श्रीलंका को 238 रन से हराकर दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला 2-0 से अपने नाम कर ली है।
447 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम मैच के तीसरे दिन 208 रनों पर सिमट गई। दूसरी पारी में श्रीलंकाई कप्तान दिमुथ करुणारत्ने ने शानदार शतक लगाते हुए 107 रन बनाए। यह उनके टेस्ट करियर का 14वां शतक था। करुणारत्ने के अलावा कुसल मेंडिस ने काफी अच्छी पारी खेली और 54 रन बनाए।
दूसरी पारी में भारतीय टीम की ओर से रविचंद्रन अश्विन ने 4, जसप्रीत बुमराह ने 3,अक्षर पटेल ने 2 एवं रवींद्र जडेजा ने 1 विकेट लिया।
इस मैच में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था और पहली पारी में टीम 252 रन पर आउट हो गई थी। इसके बाद पहली पारी में भारतीय गेंदबाजों के सामने श्रीलंका के बल्लेबाजों ने भी सरेंडर कर दिया और पूरी टीम 109 रन पर ही सिमट गई थी।
भारतीय टीम ने दूसरी पारी नौ विकेट पर 303 रन बनाकर घोषित कर दी थी और टीम की कुल बढ़त 446 रन की हो गई थी। इसके बाद मेहमान टीम को जीत के लिए 447 रन का लक्ष्य मिला था, लेकिन इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम दूसरी पारी में 208 रन ही बना पाई और ऑलआउट हो गई। इस तरह भारत ने श्रीलंका को 238 रनों के बड़े अंतर से हराकर दूसरा टेस्ट मैच भी अपने नाम कर लिया।
भारत की तरफ से पहली पारी में श्रेयस अय्यर ने शानदार 92 रन की पारी खेली थी तो वहीं दूसरी पारी में अय्यर ने 67 रन तो रिषभ पंत ने 50 रन बनाए थे। भारत की तरफ से पहली पारी में बुमराह ने 5 विकेट लिए थे।



