
भारत जोडो यात्रा: दौसा में हजारों लोग सडकों पर, फूल भी बिछाए
जयपुर- 16 दिसंबर। भारत जोड़ो यात्रा का शुक्रवार को राजस्थान में 12वां दिन है। शुक्रवार को यह यात्रा आगे बढ़ते हुए नांगल प्यारीवास से शुरू होकर दौसा के गिरिराज धरण मंदिर तक चली। दौसा शहर में भारी भीड़ के कारण यात्रा की गति कम रही। दौसा में यात्रा के दौरान राहुल गांधी के सामने सचिन पायलट के समर्थन में जमकर नारेबाजी हुई। शुक्रवार के दिन एक ही बार में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने 23 किलोमीटर का तय कार्यक्रम का सफर पूरा किया। यात्रा का पहला चरण पूरा कर राहुल गांधी दोपहर बाद जयपुर रवाना हो गए, जहां उन्होंने पत्रकारों को संबोधित किया।
यात्रा के दौसा शहर में एंट्री करने के बाद नागौरी मोहल्ले में सड़क पर करीब एक किलोमीटर तक फूल बिछाए गए थे। आगरा रोड पर जगह-जगह महिलाओं ने पुष्प वर्षा की। यात्रा जब दौसा शहर में पहुंची तो यहां सड़क पर पैर रखने तक की भी जगह नहीं मिली। मकानों और दुकानों की छतों पर भी बड़ी तादाद में बच्चे, महिलाएं और पुरुष राहुल गांधी की एक झलक देखने के लिए बेताब नजर आए। इस दौरान लोगों ने सचिन पायलट के समर्थन में नारे लगाए। शहर में एंट्री करने से पहले एक रोचक वाकया देखने को मिला। यहां लालसोट रोड स्थित बीजेपी के पूर्व विधायक नंदलाल बंशीवाल के मकान पर खड़े युवाओं का राहुल गांधी ने हाथ हिलाकर अभिवादन किया। राहुल गांधी ने इन युवाओं को यात्रा में शामिल होने के लिए बुलाया। दो बार जय सियाराम बोलकर अभिवादन किया तो छत पर खड़े युवाओं ने भी जय सियाराम बोलकर जवाब दिया।
गिरिराज मंदिर पर यात्रा समापन के बाद राहुल गांधी मित्रपुरा पहुंचे, जहां से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ हेलिकॉप्टर से जयपुर के लिए रवाना हो गए थे। इस दौरान गिरिराज मंदिर के सामने युवाओं ने पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट को घेर लिया और जमकर नारेबाजी की। पायलट ने भी युवाओं का अभिवादन किया।
इससे पूर्व राहुल गांधी ने सुबह करीब 10 बजे नगर परिषद के पास स्थित नेहरू गार्डन में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह के साथ कई विधायकों से मुलाकात की। इसके बाद सभी यात्रा में शामिल हुए।
उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी 16 को जयपुर में रात्रि विश्राम करेंगे और 17 दिसंबर को सुबह कैंप में लौटेंगे। 17 दिसंबर को यात्रा का विश्राम रहेगा।



