
भारत के प्रसिद्ध गांधीवादी पद्मश्री डॉ एसएन सुब्बाराव पंचतत्व में विलीन
मुरैना/मध्यप्रदेश 28 अक्टूबर। प्रसिद्ध गांधीवादी पद्मश्री डॉ एसएन सुब्बाराव गुरुवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। उनका अंतिम संस्कार गांधी सेवा आश्रम में शाम चार बजे के करीब हुआ। इस अवसर पर शोक धुन बजाकर हवाई फायर कर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। गायत्री परिवार के सदस्यों ने वैदिक मंत्रोचार के साथ अंतिम संस्कार की रस्म संपन्न कराई। मुखाग्नि उनके बहनोई ने दी।
इससे पूर्व राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत,राजस्थान के कांग्रेस प्रभारी अजय माकन, राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह ने पुष्प अर्पित किए। अंतिम संस्कार में जनप्रतिनिधि, अधिकारी व गणमान्य नागरिक शामिल हुए। अंतिम संस्कार में शामिल लोग भाईजी के कार्यों की ही चर्चा करते हुए देखे गए।
डॉ एसएन सुब्बाराव का बुधवार को जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में निधन हो गया था। चूंकि डॉ सुब्बाराव ने अपनी कर्मभूमि जौरा को बनाया था, इसलिए उनके शव को अंतिम संस्कार के लिए बुधवार की शाम को ही जौरा लाया गया।
आज गुरुवार को गांधी सेवा आश्रम स्थित हॉल में उनके शव को आमजन के दर्शनार्थ रखा गया। इस अवसर पर सैकड़ों लोगों ने पुष्प अर्पित किए। चूंकि डॉ सुब्बाराव का जौरा के कई लोगों से सतत संपर्क व संवाद रहता था,इसलिए ऐसे लोग काफी गमगीन दिखे।

बुधवार की देर शाम जब भाईजी का शव जौरा स्थित गांधी सेवाश्रम में पहुंचा था, तब कई लोगों की अश्रुधारा फूट पड़ी थी। गुरुवार सुबह भी अंतिम दर्शन करने के दौरान भी लोगों के आंसू निकल पड़े। उधर शाम सवा चार बजे भाई जी का अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि उनके बहनोई मेजर ईश्वर जायस पाराशरन निवासी बैंगलोर ने दी।

डॉ सुब्बाराव के अंतिम दर्शन करने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत,कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय माकन,राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह दोपहर 3 बजे हैलीकाप्टर से जौरा पहुंचे। कृषि उपज मंडी जौरा में बनाए गए हैलीपेड से उक्त नेता सीधे गांधी सेवाश्रम पहुंचे,जहां भाईजी को पुष्प अर्पित किए। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी वर्चुअल संवेदना प्रगट करते हुए भाईजी के कार्यों को याद किया।


मौके पर एकता परिषद के संयोजक राजू भाई,पूर्व मंत्री रूस्तम सिंह,गिर्राज डण्डौतिया,गोविंद सिंह, लाखन सिंह यादव,जीतू पटवारी,पूर्व विधायक डॉ सुनीलम,जल पुरुष के नाम से विख्यात राजेन्द्र सिंह,कर्नाटक से प्यारी जान,बिहार से मुकेश चन्द्र झा,प्रभात कुमार,केशव पांडेय सहित देश के कई हिस्सों से लोग अंतिम संस्कार में शामिल होने जौरा आए।




