
भारतीय डाक विभाग ने लगाई ऐतिहासिक डाक टिकटों के संग्रह की प्रदर्शनी
नई दिल्ली-24 फरवरी। डाक टिकट संग्रह के शौक को बढ़ावा देने के मकसद से भारतीय डाक विभाग की साउथ डिविजन ने गुरुवार को अभासी रूप से पुरानी डाक टिकटों की प्रदर्शनी लगाई। ‘अमृतपैक्स’ नामक इस प्रदर्शनी में आजादी के अनजाने महानायकों और भारत की समृद्ध संस्कृति से जुड़ी पोस्टल स्टैंप को प्रमुखता से शामिल किया गया। पोस्टल विभाग ने इस आयोजन में वर्षों पुरानी पोस्ट ऑफिस की मुहर को भी प्रदर्शित किया। इसमें शामिल की गई पुरानी ऐतिहासिक पोस्टल स्टैंप की कीमत लाखों रुपये बताई गई है।
इस प्रदर्शनी में मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली सर्किल की चीफ पोस्टमास्टर जनरल मंजू कुमार ने बताया कि पोस्टल विभाग का इतिहास बहुत समृद्ध है। डाक टिकट संग्रहकर्ताओं को प्रदर्शनी में अपने संग्रह प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने और इस शौक को बढ़ावा देने के मकसद से इसका हर सर्कल में आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय पोस्टल विभाग समय के साथ नई तकनीक अपनाने में पीछे नहीं है। समय समय पर डाक विभाग नई नई स्कीम ला कर लोगों को लुभाता रहता है। इस कार्यक्रम में पोस्टल विभाग के अधिकारी आर वी चौधरी, अशोक कुमार भी मौजूद थे।



