
भारतीयों को एक बार फिर यूक्रेन छोड़ने का परामर्श
नई दिल्ली- 20 फरवरी। सैन्य संघर्ष के संकट से गुजर रहे यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने एक बार फिर भारतीय नागरिकों से अस्थाई तौर पर देश को छोड़ने की अपील की है। कैव में भारतीय दूतावास की ओर से जारी परामर्श में आज एक बार फिर अपील की है। परामर्श में कहा गया है कि सभी भारतीय जिनका वहां रहना जरूरी न हो और सभी भारतीय छात्र यूक्रेन को अस्थाई तौर पर छोड़ दें। वाणिज्यिक और चार्टर फ्लाइट उपलब्ध हैं। समयबद्ध और क्रमबद्ध निकासी के लिए इनका उपयोग किया जा सकता है।
भारतीय छात्रों से इस बाबत अलग से अपील की गई है। उनसे कहा गया है कि वे अपने संबंधित छात्र कांट्रेक्टर से चार्टर फ्लाइट को लेकर संपर्क में रहें। इसके अलावा भारतीय दूतावास के फेसबुक पेज, ट्वीटर और वेबसाइट को नियमित तौर पर अपडेट के लिए देखते रहें।
उल्लेखनीय है कि यूक्रेन से लगती सीमा पर रूस की ओर से बड़ी संख्या में सैन्य तैनाती से दोनों देशों के बीच सैन्य टकराव का खतरा बना हुआ है। किसी प्रकार के मानवीय संकट की स्थिति को देखते हुए भारत अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंतित है। वहां स्थित भारतीय दूतावास पहले भी भारतीय नागरिकों को थोड़े समय के लिए देश छोड़ने की सलाह दे चुका है।
भारत ने गुरुवार को युद्ध संकट से घिरे पूर्वी यूरोपीय देश यूक्रेन में फंसे छात्रों और पेशेवरों की सुरक्षित निकासी के लिए दोनों देशों के बीच एयर बबल समझौते के तहत उड़ानों और सीटों की संख्या पर लगा प्रतिबंध हटा दिया था।एयर इंडिया ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि वह यूक्रेन-रूस में जारी सैन्य संघर्ष के संकट के बीच अगले सप्ताह 22, 24 और 26 फरवरी को यूक्रेन और भारत के बीच 3 उड़ाने संचालित करेगी।
विदेश मंत्रालय ने यूक्रेन की परिस्थितियों को देखते हुए एक नियंत्रण कक्ष की भी स्थापना की है, जिसका मकसद जानकारी और सहायता प्रदान करना है। मंत्रालय ने इसके लिए एक टोल फ्री नंबर,तीन लैंडलाइन नंबर,एक फैक्स नंबर और एक ईमेल आईडी जारी की है। विदेश मंत्रालय का कहना है कि इसके अतिरिक्त यूक्रेन में भारतीय दूतावास में 24 घंटे चलने वाली एक हेल्पलाइन भी तैयार की गई है।
नियंत्रण कक्ष के संपर्क सूत्र इस प्रकार हैं- 800118797 (टोल फ्री)। फोन नम्बर – 91 11 23012113, 91 11 23014104, 91 11 23017905। फैक्स नम्बर- 91 11 23088124। ईमेल पता-situationroom@mea.gov.in।
यूक्रेन दूतावास से जुड़ी संपर्क सूत्र इस प्रकार हैं- 24 घंटे सातों दिन चलने वाली हेल्पलाइन: 380 997300428, 380 997300483। ईमेल- cons1.kyiv@mea.gov.in। वेबसाइट – www.eoiukraine.gov.in



