
भाजपा ने 7 करोड़ गुजरातियों पर लादा 4.5 लाख करोड़ का कर्ज: खड़गे
नई दिल्ली- 29 नवंबर। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शासनकाल में गुजरात के लोगों पर कर्ज का बोझ बढ़ा है। खड़गे ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा कि गुजरात के सात करोड़ लोगों पर भाजपा ने 4.5 करोड़ का कर्ज लाद दिया है। इस लिए भाजपा को इधर-उधर की बात न करने के बजाय गुजरात के बुनियादी मुद्दों पर बात करनी चाहिए।
खड़गे ने कहा कि भाजपा को बताना चाहिए कि क्यों गुजरात का हर वर्ग – युवा, किसान, महिला, छोटा व्यापारी, दलित, आदिवासी, पिछड़ा वर्ग सब त्रस्त हैं? भाजपा नेताओं को बताना चाहिए कि उन्होंने गुजरात के विकास में बीते 27 वर्षों में क्या किया है?
खड़गे ने कहा कि बीते दिनों भारत का नियंत्रक और महालेखापरीक्षक (कैग) ने चेतावनी दी है कि गुजरात कर्ज के कुचक्र में फंस रहा है। उन्होंने कहा कि सच तो यह है कि भाजपा ने गुजरात की जनता को आर्थिक बोझ और सामाजिक द्वेष क सिवा कुछ नहीं दिया है। अब परिवर्तन का वक्त आ गया है। गुजरात की जनता भाजपा को जवाब देने वाली है। इस बार वहां कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है।



