
ब्राह्मण विकास सेवा संघ ने जीतन राम मांझी का फूंका पुतला,कहा-श्रीराम का अपमान नहीं सहेगा ब्राह्मण समाज
मोतिहारी-23 दिसबंर। बिहार नवयुवक सेना एवं ब्राह्मण विकास सेवा संघ के तत्वावधान में आज शहर के चांदमारी चौक पर पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी का पुतला दहन किया गया। साथ ही विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी भी की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व लोकसभा प्रत्याशी अनिकेत रंजन ने कहा कि श्रीराम, हिंदू समाज और किसी भी पंडित का अपमान और ब्राह्मण समाज नहीं सहेगा। अब पानी सर के ऊपर हो चुका है। अब कोई भी समाज का अगर विरोध करेगा या गलत एवं अभद्र भाषा का प्रयोग करेगा तो उसका हर प्रकार से विरोध होगा। सामाजिक रुप से विरोध होगा। राजनैतिक रूप से भी अब विरोध करने का काम ब्राह्मण समाज करेगा।
वही ब्राह्मण विकास सेवा संघ के प्रदेश अध्यक्ष ब्रज भूषण दुबे ने कहा कि पूर्व से ही ब्राह्मणों को अपमानित करने का काम कुछ चिन्हित लोगों के द्वारा किया जा रहा है। वैसे राजनीतिक षड्यंत्र का भी पर्दाफाश होगा। वहीं हर मंच पर ब्राह्मण के खिलाफ बोलने वाले का कड़ा विरोध होगा। अभिषेक पांडेय व बृजेश पांडेय ने कहा कि अब किसी ने भी अगर ब्राह्मण समाज के खिलाफ एक शब्द भी बोला तो पूरे मोतिहारी शहर का चक्का जाम कर दिया जाएगा। हर कोने से विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।



