
बेगूसराय-22 अक्टुबर। बखरी थाना क्षेत्र के बागवन पंचायत के लौछे सिसौनी गांव में सड़क पार करने के दौरान स्कूल बस की चपेट में आने से पांच वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गयी। मृतक की पहचान गोदल सदा का पांच वर्षीय नाती शिवम कुमार के रूप में हुई है। वह बीते आठ दिन पूर्व दुर्गा पूजा में मेला देखने अपने ननिहाल बखरी बागवन पंचायत आया हुआ था। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कूल बस चालक को पकड़ एक कमरे में बंद कर लौछे सिसौनी गांव सड़क को जामकर प्रदर्शन कर रहे है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गए।आक्रोशित ग्रामीणों को मौजूद जनप्रतिनिधियों द्वारा समझाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं आक्रोशित ग्रामीण स्कूल बस को रोककर स्कूल संचालक को घटनास्थल पर बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं। वही स्कूल बस में मौजूद बच्चे भयभीत है।जबकि इस घटना के बाद स्कूल के बच्चों के अभिवावक अपने बच्चों को लेजाने की कोशिश कर रहे है। वहीं ग्रामीण स्कूल संचालक को बुलाने पर अडिग थे। इस घटना के बाद परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है। जबकि ग्रामीण मृतक के परिजनों को उचित मुआवजे की मांग कर रहे थे। समाचार प्रेषण तक पुलिस शव का पोस्टमार्टम के लिए शव को कब्जे में लेने की पुरजोर कोशिश कर रही थी। वहीं क्षेत्रीय विधायक सूर्यकांत पासवान लोगों को समझा बुझाकर स्कूल बस में मौजूद बच्चो को अभिवावको को सुपुर्द करने की बात ग्रामीणों से कर रहे थे।



