
बेगूसराय/पटना- 12 नवंबर। बिहार के विभिन्न जिलों में शराब से लगातार हो रही मौत के बाद बेगूसराय के डीएम द्वारा लिए गए कड़े एक्शन का असर दिखने लगा है। आदेश के बाद शुक्रवार को मंझौल ओपी पुलिस ने दो महिला शराब कारोबारी को गिरफ्तार किया है। एसडीओ एवं डीएसपी के कार्यालय सह आवास से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर स्थित राजन गाछी टोला में किए छापेमारी में नरेश चौधरी की पत्नी रेखा देवी तथा उमेश सहनी की पत्नी शीला देवी उर्फ मैना माई को देशी और विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है। एएसआई वीरेंद्र उरांव के नेतृत्व में महिला सिपाही सहित पुलिस टीम ने नरेश चौधरी की पत्नी रेखा देवी को उसके घर से प्लास्टिक बोतल में दो लीटर देसी महुआ शराब के साथ किया गिरफ्तार किया गया।
इसी मोहल्ले से उमेश सहनी की पत्नी शीला देवी उर्फ मैना माई को उसके घर से इंपीरियल ब्लू ब्रांड के 375 एमएल लीटर का 22 बोतल तथा डॉनल्ड ब्रांड के 375 एमएल का 15 बोतल विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस इसे शराब कारोबार के विरुद्ध बड़ी कामयाबी मान रही है। लेकिन लोगों का कहना है कि थाना से महज दो सौ मीटर की दूरी पर स्थित यह स्थान पर लंबे समय से खाकी वर्दी के संरक्षण में शराब कारोबार चलता रहा है। अभी सभी थाना और ओपी पुलिस को टारगेट दिए जाने के कारण छोटे कारोबारी को पकड़कर उपलब्धि दिखाई जा रही है। जबकि मंझौल इलाके में बेगूसराय जिला में सबसे अधिक देसी शराब बनाया जाता है और विदेशी शराब का भी स्टॉक रहता है। आसपास के जिला में भी काबर का इलाका देसी शराब कारोबार के लिए चर्चित है, लेकिन वहां के बड़े कारोबारी पर हाथ डालने से पुलिस बचती ही रही है।



