भारत

बुल्डोजर की कार्रवाई को असंवैधानिक: कांग्रेस

नई दिल्ली- 24 अगस्त। बुल्डोजर की कार्रवाई को असंवैधानिक करार देते हुए कांग्रेस ने भाजपा शासित राज्य सरकारों पर निशाना साधा है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर बुल्डोजर की कार्रवाई की घोर निंदा करते हुए अपने पोस्ट पर लिखा, ‘‘बुल्डोजर से किसी के घर को ध्वस्त करना और उसके परिवार को बेघर करना अमानवीय और अन्यायपूर्ण दोनों है।‘‘

उन्होंने आगे लिखा, ‘‘भाजपा शासित राज्यों में अल्पसंख्यकों को बार-बार निशाना बनाया जाना बेहद परेशान करने वाला है। कानून के शासन वाले समाज में ऐसी हरकतों का कोई स्थान नहीं है। कांग्रेस पार्टी भाजपा की राज्य सरकारों द्वारा संविधान की घोर अवहेलना करने और नागरिकों में भय पैदा करने के लिए बुलडोजर चलाने की रणनीति का इस्तेमाल करने की कड़ी निंदा करती है।‘‘ उन्होंने यह भी कहा, ‘‘अराजकता प्राकृतिक न्याय की जगह नहीं ले सकती – अपराधों का फैसला अदालतों में होना चाहिए, न कि राज्य प्रायोजित दबाव के ज़रिए।‘‘

कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी आज सोशल मीडिया एक्स पर इससे मिलती जुलती प्रतक्रिया दी है। प्रियंका गांध्री वाड्रा ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा, ‘‘अगर कोई किसी अपराध का आरोपी है तो उसका अपराध और उसकी सजा सिर्फ अदालत तय कर सकती है। लेकिन आरोप लगते ही आरोपी के परिवार को सजा देना, उनके सिर से छत छीन लेना, कानून का पालन न करना, अदालत की अवहेलना करना, आरोप लगते ही आरोपी का घर ढहा देना- यह न्याय नहीं है। यह बर्बरता और अन्याय की पराकाष्ठा है।‘‘

उन्होंने आगे लिखा, ‘‘कानून बनाने वाले, कानून के रखवाले और कानून तोड़ने वाले में फर्क होना चाहिए। सरकारें अपराधी की तरह व्यवहार नहीं कर सकतीं। कानून, संविधान, लोकतंत्र और मानवता का पालन सभ्य समाज में शासन की न्यूनतम शर्त है। जो राजधर्म नहीं निभा सकता, वह न तो समाज का कल्याण कर सकता है, न ही देश का। बुल्डोजर न्याय पूरी तरह अस्वीकार्य है, यह बंद होना चाहिए।‘‘

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button