
बिहार विस के ‘प्रबोधन’ कार्यक्रम में आयेंगे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला
पटना- 13 फरवरी। बिहार विधानसभा ने बिहार विधानमंडल के सदस्यों के लिए 17 फरवरी को ‘प्रबोधन’ कार्यक्रम का आयोजन किया है। इस प्रबोधन कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला मौजूद रहेंगे। वे इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल होंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों की चर्चा करते हुए बिहार विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष के साथ राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश ने भी प्रबोधन को संबोधित करने की सहमति दे दी है। सभी विधायकों, बिहार विधान परिषद के सदस्यों तथा बिहार के लोकसभा सदस्यों को प्रबोधन कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भेजा जा रहा है। अभी कार्यक्रम की अवधि और संबोधन कर्ताओं की सूची को अंतिम रूप दिया जाना बाकी है। विधानसभा सचिवालय इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के आयोजन की तैयारियों में जुट गया है। बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह, राज्य के उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी सहित राज्य मंत्रिमंडल के सभी सदस्य समारोह में शिरकत करेंगे।



