
बिहार विधान परिषद में अग्निपथ योजना के विरोध में एक साथ खड़ा हुआ विपक्ष
पटना- 27 जून। केंद्र की अग्निपथ योजना को विपक्ष मुख्य मुद्दा बना रही है। सोमवार को मानसून सत्र के दूसरे दिन विधानसभा के बाद विधान परिषद में भी इसे लेकर विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। विधान परिषद की कार्यवाही जैसे ही दोपहर 12:00 बजे शुरू हुई विपक्ष के सदस्यों ने अग्निपथ योजना पर कार्यस्थगन की सूचना सदन में दी। इसके बाद कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह ने सदन में प्रश्नोत्तर काल चलाने की कोशिश की लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के साथ विपक्षी दल के सदस्य उठकर खड़े हो गये और विपक्ष ने केंद्र सरकार की इस योजना को लेकर सदन में चर्चा की मांग की।
खास बात यह रही कि आज विधान परिषद में राजद के सदस्यों की संख्या ज्यादा थी। स्थानीय निकाय कोटे से सदन में जीतकर पहुंचे सदस्यों और विधानसभा कोटे से पहुंचे नए सदस्यों की मौजूदगी में राजद ने अपनी ताकत का एहसास कराया। राजद लगातार इस मसले पर सदन में चर्चा की मांग करती रही।



