
बिहार में 16 से 18 जनवरी तक दिन और रात के तापमान में होगी बड़ी गिरावट, कोल्ड डे का खतरा
पटना- 14 जनवरी। उत्तर पश्चिमी जेट स्ट्रीम के कारण बिहार वासियों को अभी शीतलहर से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। पिछले 14 दिनों से जारी कंपकपाती ठंड के बाद शनिवार को जब सुबह से ही धूप निकल गई तो लोगों में राहत की आशा जगी, लेकिन यह क्षणिक थी।
इसी बीच मौसम विभाग द्वारा तापमान और गिरने के साथ 20 जनवरी तक के लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है। इस अलर्ट के मद्देनजर जिला प्रशासन लोगों से सतर्क करने की अपील कर रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अलर्ट में कहा गया है कि वर्तमान में पूरे राज्य में दिन का औसत तापमान 20 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच और रात का तापमान आठ से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है।

इस स्थिति में बदलाव के संकेत हैं। 16 जनवरी से 18 जनवरी के बीच दिन और रात के समय के तापमान में गिरावट आने की संभावना है। जिससे राज्य के अधिकांश हिस्सों में शीत लहर की स्थिति पैदा हो सकती है। बिहार के अधिकांश स्थानों पर औसत न्यूनतम तापमान अपने वर्तमान स्तर से गिर कर चार से छह डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। जबकि मौजूदा अधिकतम तापमान गिर कर 14 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
तापमान में इस बड़ी गिरावट के कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में शीतलहर या शीत दिवस की स्थिति 20 जनवरी तक बनी रहेगी। विशेषकर राज्य के मध्य एवं दक्षिणी भागों में हवा चलने के कारण ठंड ज्यादा महसूस होगा और इसका प्रभाव दर्ज न्यूनतम तापमान से भी ज्यादा होगा।
रहें अलर्ट, रखें अपनी सुरक्षा—

मौसम की जानकारी लेते रहें, पौष्टिक आहार एवं गर्म पेय पदार्थों का सेवन करें। हाथों और पैरों की उंगलियों, कान, नाक आदि पर सफेद या पीला दाग उभर आना ठंड के प्रकोप का लक्षण है। ठंड के मौसम में वातावरण धुंध एवं वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है जो कि सांस एवं अन्य बीमार व्यक्तियों के लिए खतरा बना रहता है। जबतक हवा की गुणवत्ता में सुधार नहीं हो जाय, घर से बाहर नहीं निकलें। सतर्कता ही बचाव का सबसे बड़ा साधन है, इसलिए सतर्क रहें सुरक्षित रहें।



