
बिहार में बढ़ रहे कोरोना के केस,पटना में 80 सहित राज्य में मिले 133 नये कोरोना संक्रमित
पटना- 28 जून। राजधानी पटना सहित राज्य के कई जिलों में कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पटना में लगातार दूसरे दिन कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ी है। रविवार के बाद सोमवार को भी पटना में सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित मिले है। सोमवार को पटना में 80 नये संक्रमितों सहित राज्य में 133 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान की गई।
अन्य जिलो में भी कोरोना संक्रमितों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गयी है। गया में 11, भागलपुर में 9, अरवल, बांका, समस्तीपुर में 4-4, रोहतास और सहरसा में 3-3, दरभंगा, कटिहार और मुंगेर में 2-2, औरंगाबाद, भोजपुर, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, जहानाबाद, मधेपुरा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर और पूर्णिया में 1-1 नये संक्रमित मिले।
बिहार में पिछले 24 घंटे में 85 हजार 716 सैंपल की कोरोना जांच की गई और संक्रमण दर 0.15 प्रतिशत थी। एक दिन पहले 1 लाख 31 हजार 812 सैंपल की जांच में 142 संक्रमित मिले थे और संक्रमण दर 0.10 फीसदी थी। पिछले 24 घंटे में राज्य में 52 कोरोना संक्रमित इलाज के बाद स्वस्थ हो गये है। और संक्रमितों के स्वस्थ होने की दर 98.43 प्रतिशत दर्ज की गयी। हालांकि किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई है।
राज्य में वर्तमान में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 774 हो गयी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य में अबतक 8,32,192 संक्रमितों की पहचान हो चुकी है और इनमें से अबतक 8,19,160 संक्रमित इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में अबतक 12,257 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
कोरोना की चौथी लहर में बिहार में दो लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक गया और एक मुंगेर जिले के रहने वाले थे। भागलपुर के मायागंज स्थित जेएलएनएमसीएच में इलाजरत कोरोना संक्रमित 50 वर्षीय मरीज ने सोमवार को दम तोड़ दिया। इस साल सात फरवरी के बाद मायागंज में कोरोना संक्रमण से किसी मरीज की मौत हुई है। मृतक मुंगेर जिले के बरियारपुर का रहने वाला था। गया स्वास्थ्य विभाग की ओर से सोमवार को जारी की गई सूची में 7397 लोगों की जांच में 11 को संक्रमित और एक की मौत दिखायी गयी है। गया जिले में चार दिनों में 42 संक्रमित मिले हैं।
कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में है। जगह-जगह वैक्शीनेशन का काम जोरों से चल रहा है, लोगों को जागरूक किया जा रहा है। सरकारी कार्यालयों में बॉयोमीट्रिक हाजिरी पर रोक लगा दी गयी है। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। 12 जुलाई तक के लिए बॉयोमीट्रिक हाजिरी पर रोक रहेगी। इस संबंध में गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव चैतन्य प्रसाद ने सभी विभागों के प्रमुख, प्रमंडलीय आयुक्त, रेंज आईजी-डीआईजी और डीएम-एसपी को पत्र जारी किया है।



