
बिहार में खाद की कालाबाजारी चरम पर:CPI
पटना- 28 नवंबर। बिहार में जारी खाद संकट से कालाबाजारी चरम सीमा पर है। राज्य के अधिकांश पैक्स व व्यापार मंडल में धान की खरीद नहीं हो रही है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव पूर्व विधायक रामनरेश पांडेय ने आज जारी बयान में कहा कि बिहार के किसान खाद के लिए त्राहि त्राहि कर रहे हैं। राज्य के किसी भी पैक्स में खाद उपलब्ध नहीं है। खाद माफिया ऊंची कीमतों पर खाद की कालाबाजारी कर रहे हैं। खाद की कालाबाजारी में स्थानीय प्रशासन का भी संरक्षण माफियाओं को मिल रहा है। राज्य सरकार को इन माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए किसानों के लिए जल्द से जल्द खाद उपलब्ध कराए ताकि किसानों को इस मौसम में खाद की किल्लत का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि धान खरीद की भी राज्य में स्थिति खराब है। अधिकतर पैक्स व व्यापार मंडल में धान की खरीदारी नहीं हो रही है। किसान औने पौने दाम में धान बेचने को विवश को रहे हैं। जिन पैक्सों में धान की खरीद हो भी रही है एमएसपी पर खरीद नहीं हो रही है। भाकपा नेता ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अविलंब राज्य के सभी पैक्सों व व्यापार मंडलों में धान की खरीद हर हाल में शुरू कराने व खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग की है।



