
पटना। बिहार पुलिस गुरुवार को अपने शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करेगी। 21 अक्टूबर को मनाए जानेवाले पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर एक वर्ष के अंदर कर्तव्य की बलिवेदी पर शहीद हुए पुलिसकर्मियों के सम्मान में रैतिक स्मृति परेड का आयोजन होगा। इस दौरान बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-5 स्थित शहीद स्थल पर डीजीपी समेत अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, 1 सितम्बर 2020 से 31 अगस्त 2021 के बीच बिहार पुलिस के 35 अधिकारी और जवान कर्तव्य की बलिवेदी पर शहीद हुए हैं। इनमें सात पुलिसकर्मी कर्तव्य के दौरान घटित घटनाओं में शहीद हुए। जबकि 28 पुलिसकर्मियों की जान कोरोना संक्रमण ने ले ली। इसी वर्ष फरवरी में सीतामढ़ी जिला बल के दारोगा दिनेश राम मेजरगंज थाना क्षेत्र में अपराधियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हो गए। वहीं 10 अप्रैल को किशनगंज के थानेदार, इंस्पेक्टर अश्विनी कुमार बंगाल में छापेमारी के दौरान अपराधियों के साथ मुठभेड़ में गोली लगने से शहीद हुए थे। इसी साल 10 अगस्त को बीएसएपी-1 के जवान अर्जुन दयाल थावे दुर्गा मंदिर की सुरक्षा में प्रतिनियुक्ति के दौरान अपराधियों द्वारा किए गए हमले में वीरगति को प्राप्त हो गए।



