
बिहार के 4 मजदूरों की नेपाल में मौत पर CM नीतीश ने जताया शोक, अनुग्रह राशि की घोषणा की
पटना- 06 मई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नेपाल में हुए लैंडस्लाइड में बिहार के किशनगंज के चार लोगों की मौत पर शनिवार को गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। साथ ही नेपाल हुए लैंडस्लाइड हादसे में बिहार के किशनगंज के रहने वाले चार मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने की घोषणा की है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
जानकारी के मुताबिक नेपाल के इलाम जिला अंतर्गत फिकल में पहाड़ी पर निर्माणाधीन मकान धंसने से किशनगंज जिले के दिघलबैंक प्रखंड क्षेत्र के चार मजदूरों की मिट्ठी में दबने से मौत हो गई। हादसा शुक्रवार को हुआ। बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन मकान में काम करने के दौरान यह हादसा हुआ, जिसके बाद हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार वाले घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। मृतकों की पहचान अजीमुद्दीन, मोहम्मद अब्दुल, मोहम्मद तौसीफ और मुजफ्फर के रूप में हुई है। शवों का पोस्टमार्टम नेपाल में करवाया जा रहा है। इसके बाद शव उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।



